पॉश मशीन पर बार-बार लगवाए अंगूठे, मूंगफली की जगह बांट दी उड़द; विधायक ब्रजभूषण राजपूत ने की उच्चस्तरीय जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग
महोबा। मूंगफली बीज वितरण में बड़े पैमाने पर धांधली करने पर चरखारी विधायक ब्रजभूषण राजपूत ने इस मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर कृषि विभाग में किए गए भ्रष्टाचार की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कडी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। विधायक का आरोप है कि कृषि विभाग के अधिकारियों ने पाॅश मशीन पर किसानों से दो दो तीन तीन बार अंगूठे लगवाकर उन्हें कम बीज दिया है। कई स्थानों पर मूंगफली के स्थान पर उर्द का बीज वितरित किया गया है।
पत्र में बताया कि कुछ किसानों को मूंगफली बीज के नाम पर एक एक ट्रैक्टर ट्राली मूंगफली दे दी गई, जबकि तमाम किसान 40-40 किलो बीज के लिए कृषि विभाग के चक्कर काटते रहे। चरखारी विधायक ने इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच मांग की है। पत्र में बताया कि शासन के नियमों के तहत पात्र किसानों को प्रति हेक्टेयर एक क्विंटल मूंगफली का बीज मिलना था। आरोप है कि विभाग ने किसी किसान को 80 किलो तो किसी को मात्र 20 किलो बीज ही दिया। वितरण के दौरान किसानों से पॉश मशीन पर कई बार अंगूठे लगवाए गए, लेकिन बीज अधूरा ही मिला। कई किसानों ने दावा किया है कि मूंगफली का बीज मांगने पर उन्हें उड़द का बीज पकड़ा दिया गया। शासन के निर्देशानुसार बीज का वितरण एफपीओ के माध्यम से होना चाहिए था, लेकिन कृषि विभाग ने नियमों का उल्लंघन करते हुए अपने कर्मचारियों से वितरण करवाया।
पत्र में बताया कि पूर्व में किसानों ने विरोध प्रदर्शन कर अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा था, तब जाकर 30 जुलाई को आनन फानन में एफपीओ को बीज आवंटित किया गया। विधायक ने इस पूरी प्रक्रिया में अधिकारियों की नीयत पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच कराई जाए और दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई हो, ताकि किसानों का व्यवस्था पर भरोसा बना रहे।
News Wani
