Breaking News

चौडगरा ओवरब्रिज बना हादसों का खतरा, सड़क से निकली सरिया से परेशान राहगीर

फतेहपुर। चौडगरा कस्बे के बिंदकी रोड रेलवे ओवरब्रिज पर जिम्मेदारों की लापरवाही राहगीरों और वाहन चालकों की जान पर भारी पड़ रही है। ओवरब्रिज की सड़क से निकली खतरनाक सरिया और गड्ढे हादसों को न्योता दे रहे हैं। आलम यह है कि सरियों से टकराकर वाहनों के टायर फट रहे हैं, जबकि दोपहिया वाहन चालक गड्ढों और निकली सरियों में फंसकर सड़क पर गिरकर घायल हो रहे हैं।

व्यस्त मार्ग होने के कारण पूरे दिन रहता है आवागमन

व्यस्त मार्ग होने के कारण दिनभर यहां वाहनों का आवागमन रहता है। ऐसे में सड़क की बदहाली किसी बड़े हादसे का सबब बन सकती है। वाहन चालक मजबूरी में निकली सरियों से बचकर निकलने का प्रयास करते हैं, लेकिन अचानक सामने आने वाली सरिया और गड्ढे खासकर बाइक सवारों के लिए मुसीबत बने हुए हैं।

ओवरब्रिज की बदहाल स्थिति को देखकर वहां से गुजर रहे कांग्रेस नेता शिवाकांत तिवारी ने मौके का वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर पोस्ट कर दिया। वीडियो के जरिए उन्होंने ओवरब्रिज की दुर्दशा को लेकर जिम्मेदार अधिकारियों पर सवाल उठाए और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को भी निशाने पर लिया।

कांग्रेस नेता का आरोप है कि जिस सड़क और पुल से रोजाना हजारों लोग गुजरते हैं, उसकी ऐसी स्थिति जिम्मेदार विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती है। सड़क पर निकली सरिया और गड्ढे हादसों को खुला न्योता दे रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद अब तक मरम्मत की ओर ध्यान नहीं दिया गया।

स्थानीय लोगों और वाहन चालकों का कहना है कि यदि समय रहते ओवरब्रिज की मरम्मत नहीं कराई गई तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने संबंधित विभाग से सड़क से निकली सरियों को तत्काल हटाने, गड्ढों की मरम्मत कराने और ओवरब्रिज की सड़क को सुरक्षित बनाने की मांग की है।

अब देखना यह है कि सोशल मीडिया पर मामला सामने आने के बाद जिम्मेदारों की नींद टूटती है या फिर किसी बड़े हादसे का इंतजार किया जाता है।

About NW-Editor

Check Also

अधूरी सड़क बनी राहगीरों के लिए मुसीबत, बारिश में बढ़ी आवाजाही की दिक्कत

फतेहपुर। कस्बे के हाईवे किनारे बनाई जा रही सड़क का निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिए …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *