फतेहपुर। ग्रामीण विकास विभाग में करीब 20 वर्षों से डिजिटल कार्यों की जिम्मेदारी संभाल रहे वीबी जीराजी कंप्यूटर ऑपरेटरों ने सेवा संबंधी मांगों को लेकर उपायुक्त वीबी जीराजी अश्वनी कुमार सोनकर को ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों ने वर्तमान पदनाम बदलकर एमआईएस इंचार्ज करने, मानदेय का पुनर्निर्धारण करने और एचआर पॉलिसी लागू करने समेत छह मांगें उठाईं।
कर्मचारियों ने बताया कि वे डाटा एंट्री के साथ सरकारी योजनाओं का डाटा संधारण, ऑनलाइन पोर्टल संचालन, एमआईएस रिपोर्ट तैयार करना, डाटा सत्यापन और प्रगति रिपोर्टिंग जैसे महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं। इसके बावजूद उनकी जिम्मेदारियों के अनुरूप पदनाम और मानदेय निर्धारित नहीं किया गया है।
ज्ञापन में स्नातक एवं पीजीडीसीए अथवा समकक्ष योग्यता तथा करीब 20 वर्षों की सेवा को देखते हुए मानदेय बढ़ाने की मांग की गई। कर्मचारियों ने शासनादेश का हवाला देते हुए कहा कि समान योग्यता वाले नवीन भर्ती कंप्यूटर ऑपरेटरों को उनसे काफी अधिक मानदेय दिया जा रहा है।
इसके अलावा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की तर्ज पर एचआर पॉलिसी लागू करने, सेवा निरंतरता एवं दीर्घ सेवा का लाभ देने, रिक्त पदों को भरने तथा भविष्य में नियमित कंप्यूटर/एमआईएस भर्ती में अनुभवी वीबी जीराजी कर्मचारियों को अनुभव का वेटेज और नियमानुसार आयु सीमा में छूट देने की मांग की गई।
कर्मचारियों ने पात्र कर्मियों के लिए 50 प्रतिशत पदों पर कोटा निर्धारित करने पर विचार करने का भी अनुरोध किया। ज्ञापन देने वालों में आशीष कश्यप, वंदना श्रीवास्तव, कृष्ण कुमार, अरविंद कुमार, फिरदौस अली सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
News Wani
