Breaking News

इटावा में जिलाधिकारी की समीक्षा बैठक: जीरो पॉवर्टी, पीएम सूर्य घर और आईजीआरएस योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश

इटावा। जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में जीरो पॉवर्टी अभियान, स्वच्छ भारत मिशन, पीएम सूर्य घर योजना, बीबीजीरामजी योजना, आईजीआरएस, एक जनपद-एक नदी, गौशाला, प्राकृतिक खेती तथा खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) रोग नियंत्रण कार्यक्रम की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन पर विशेष जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने जीरो पॉवर्टी अभियान की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि अधिकतम पात्र परिवारों को अंत्योदय राशन कार्ड से जोड़ा जाए तथा जन आरोग्य योजना के तहत लंबित सत्यापन अभियान चलाकर शीघ्र पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि चिन्हित निर्धन परिवारों को बिजली, पानी, आवास, स्वास्थ्य सहित सभी मूलभूत सुविधाओं से जोड़ना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्य विकास अधिकारी को सभी लंबित सत्यापन कार्य समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने तथा प्रत्येक पात्र परिवार को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि केवल आर्थिक सहायता पर्याप्त नहीं है, बल्कि युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ना आवश्यक है। इसके लिए 14 से 35 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को प्रशिक्षण दिलाने तथा सेवायोजन विभाग के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया गया। सभी खंड विकास अधिकारियों को चिन्हित परिवारों के युवाओं को प्रशिक्षण से जोड़ने के निर्देश दिए गए।
स्वच्छ भारत मिशन की समीक्षा में विद्यालयों एवं उनके आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने तथा स्वच्छता संबंधी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया।
पीएम सूर्य घर योजना की समीक्षा के दौरान बताया गया कि अगस्त 2026 तक जनपद का लक्ष्य 6,926 संयोजन का है। जिलाधिकारी ने बैंक अधिकारियों एवं संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर लक्ष्य समय से पूरा करने के निर्देश दिए।
बीबीजीरामजी योजना की समीक्षा में बताया गया कि योजना एक जुलाई से प्रभावी है और इसके अधिकांश कार्य जल संरक्षण से जुड़े हैं। जिलाधिकारी ने ग्राम स्तर पर बैठकें आयोजित कर आवश्यक कार्यों का चिन्हांकन करते हुए शीघ्र क्रियान्वयन शुरू कराने के निर्देश दिए।
खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) रोग नियंत्रण अभियान की समीक्षा में मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को 22 जुलाई से 8 सितंबर 2026 तक चल रहे आठवें चरण के टीकाकरण अभियान की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए। 25 टीमें संवेदनशील क्षेत्रों में कार्य करेंगी तथा सभी पालतू एवं निराश्रित गोवंश का निःशुल्क टीकाकरण सुनिश्चित किया जाएगा। बीमार गोवंश को तत्काल अलग कर उपचार कराने के भी निर्देश दिए गए।
आईजीआरएस पोर्टल की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण किया जाए। तहसील दिवस और जनता दर्शन में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से समाधान कर आमजन को त्वरित राहत उपलब्ध कराई जाए।

About NW-Editor

Check Also

मिशन शक्ति अभियान के तहत चौबिया पुलिस ने महिलाओं को सुरक्षा और साइबर जागरूकता का दिया संदेश

इटावा। उत्तर प्रदेश सरकार के मिशन शक्ति फेज-5 (द्वितीय चरण) अभियान के अंतर्गत वरिष्ठ पुलिस …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *