इटावा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में संचालित मिशन शक्ति अभियान के तहत थाना जसवंतनगर पुलिस ने संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए सोशल मीडिया के झांसे में घर छोड़कर निकली महिला और उसके लगभग दो वर्षीय बच्चे को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। साथ ही साइबर ठगी के संभावित मामले को देखते हुए परिवार को आवश्यक जागरूकता और सुरक्षा संबंधी सलाह भी दी गई।
रविवार को थाना जसवंतनगर की मिशन शक्ति टीम क्षेत्र में भ्रमण एवं महिला सुरक्षा चेकिंग के दौरान एक महिला अपने लगभग दो वर्षीय बच्चे के साथ सड़क किनारे घूमती हुई मिली। टीम ने सुरक्षित वातावरण में पूछताछ की तो महिला ने बताया कि वह जनपद मैनपुरी के थाना किशनी क्षेत्र की रहने वाली है। उसकी पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से एक अज्ञात व्यक्ति से हुई थी, जिसने बहला-फुसलाकर उसे घर से बाहर बुला लिया। इसी बहकावे में वह अपने छोटे बच्चे के साथ घर छोड़कर निकल आई।
महिला द्वारा दिए गए मोबाइल नंबर और पते के आधार पर पुलिस ने उसके पति से संपर्क किया। पति ने बताया कि पत्नी और बच्चे के लापता होने के संबंध में थाना किशनी में गुमशुदगी की सूचना दी जा चुकी है। उन्होंने यह भी बताया कि पत्नी के घर से जाने के बाद एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर अपहरण की बात कहते हुए उसे छुड़ाने के नाम पर 20 हजार रुपये की मांग की थी।
पूरे घटनाक्रम को गंभीरता से लेते हुए मिशन शक्ति टीम ने इसे साइबर ठगी का संभावित मामला मानते हुए महिला और उसके पति को सोशल मीडिया पर अज्ञात लोगों के झांसे में न आने, किसी भी अनजान व्यक्ति को धनराशि न देने तथा ऑनलाइन संपर्क के दौरान पूरी सतर्कता बरतने की सलाह दी।
इसके बाद पुलिस ने महिला और उसके लगभग दो वर्षीय बच्चे की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए उन्हें उनकी जेठानी मीरा देवी निवासी यादव नगर, जसवंतनगर के सुपुर्द कर दिया।
इटावा पुलिस ने अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी अपरिचित व्यक्ति के बहकावे में न आएं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क करें।

News Wani