Breaking News

बिंदकी तहसील में डीएम का औचक निरीक्षण, पुराने वादों के जल्द निस्तारण के दिए निर्देश

फतेहपुर। बिंदकी तहसील कार्यालय में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स अचानक निरीक्षण के लिए पहुंच गईं। डीएम ने एसडीएम कोर्ट, तहसीलदार कोर्ट, नायब तहसीलदार कोर्ट समेत विभिन्न पटल का बारीकी से निरीक्षण कर लंबित मामलों और अभिलेखों की स्थिति परखी। उन्होंने अधिकारियों को दो टूक निर्देश दिए कि पांच साल पुराने वादों को प्राथमिकता के आधार पर गुण-दोष के आधार पर निस्तारित किया जाए और मामलों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।

अचानक निरीक्षण के दौरान डीएम ने नायब तहसीलदारों के क्षेत्र से संबंधित रजिस्टरों की जांच की। उन्होंने सभी नायब तहसीलदारों को निर्देश दिए कि संबंधित रजिस्टरों को नियमित रूप से स्वयं चेक करें। इसके बाद उन्होंने जनगणना, संग्रह अनुभाग, मिसिलबंद रजिस्टर और स्थापना अनुभाग का भी निरीक्षण किया। लेखपालों की सर्विसबुक अद्यतन कराने के लिए संबंधित पटल सहायक को निर्देशित किया।

जिलाधिकारी ने एसडीएम बिंदकी को तहसील के सभी पटलों का नियमित निरीक्षण कराने के साथ ही सभी पेशकारों की ट्रेनिंग कराने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि उनकी अनुमति के बिना तहसील स्तर पर किसी भी पटल का परिवर्तन नहीं किया जाएगा।

दैवीय आपदा से संबंधित मामलों को लेकर डीएम ने विशेष गंभीरता दिखाई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दैवीय आपदा से संबंधित रिपोर्ट 24 घंटे के भीतर प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराई जाए, ताकि प्रभावित लोगों को समय से राहत एवं सहायता दिलाई जा सके।

तहसीलदार कोर्ट के निरीक्षण के दौरान डीएम ने विभिन्न वादों की फाइलों को देखा। उन्होंने धारा-67 के पुराने वादों का तत्काल निस्तारण कराने के निर्देश दिए। साथ ही अन्य लंबित वादों को भी नियमानुसार समयबद्ध तरीके से निस्तारित करने को कहा।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कलेक्ट्रेट कार्यालय से तहसील को प्राप्त होने वाले सभी प्रार्थना-पत्रों का एक सप्ताह के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने राजस्व अभिलेखों और कार्यालयीन व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप राजस्व मामलों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम बिंदकी, तहसीलदार बिंदकी समेत संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

About NW-Editor

Check Also

तेज रफ्तार वाहन ने बाइक में मारी टक्कर, युवक की मौत; चचेरा भाई गंभीर

फतेहपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के लोधीगंज एनएच-2 पर बुधवार देर शाम अज्ञात वाहन की टक्कर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *