असोथर, फतेहपुर। भारतीय किसान यूनियन की अराजनैतिक ब्लॉक इकाई की मासिक बैठक ब्लॉक मुख्यालय स्थित सभागार में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक महामंत्री दिनेश प्रताप सिंह चौहान ने की। इसमें किसानों ने क्षेत्र की स्वास्थ्य, पशु चिकित्सा और मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
किसान नेताओं ने असोथर नगर पंचायत स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं पर नाराजगी जताई। पदाधिकारियों ने कहा कि पीएचसी में छह चिकित्सकों के पद के सापेक्ष केवल दो डॉक्टरों से काम चलाया जा रहा है। वहीं प्रसूति कक्ष में भी पर्याप्त स्टाफ नहीं है, जिससे मरीजों और गर्भवती महिलाओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बैठक के दौरान प्रभारी चिकित्सक डॉ. शैलेश भी मौके पर पहुंचे और किसानों को जल्द व्यवस्थाओं में सुधार का आश्वासन दिया। ब्लॉक महामंत्री दिनेश प्रताप सिंह चौहान ने तत्काल सीएमओ से फोन पर वार्ता कर स्वास्थ्य केंद्र की समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एक माह के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो संगठन की ओर से बड़ी पंचायत आयोजित कर आंदोलन किया जाएगा।
बैठक में घाटमपुर ग्राम सभा स्थित श्मशान घाट की बदहाल स्थिति का मुद्दा भी उठाया गया। पदाधिकारियों ने बताया कि वहां शौचालय और पेयजल की उचित व्यवस्था नहीं है। चारों ओर घास-फूस उगने के कारण जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा बना रहता है। इस संबंध में बीडीओ रत्नाकर त्रिपाठी को अवगत कराते हुए जल्द समाधान की मांग की गई।
किसानों ने पशुओं में फैल रही लंपी बीमारी को लेकर भी चिंता जताई। पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रदीप गुप्ता से प्रत्येक ग्राम सभा में शिविर लगाकर पशुओं का टीकाकरण कराने की मांग की गई, ताकि बीमारी के प्रसार पर रोक लगाई जा सके।
संगठन का विस्तार, नए पदाधिकारियों की घोषणा
बैठक के दौरान भारतीय किसान यूनियन की ब्लॉक इकाई का विस्तार भी किया गया। पूर्व ब्लॉक उपाध्यक्ष को संगठन विरोधी गतिविधियों के आरोप में निष्कासित किए जाने के बाद उनके स्थान पर गुड्डू अग्निहोत्री को ब्लॉक उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया।
इसके अलावा पुरुषोत्तम सिंह को विधिक सलाहकार, महामाया सिंह को सचिव, अंशुमान सिंह को महासचिव और अनुज दुबे को सचिव बनाया गया। सरकंडी और जमलामऊ समेत कई ग्राम सभाओं की कार्यकारिणी का भी गठन किया गया। अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ में मो. रहीस को उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया।
बैठक में संरक्षक शिववदन सिंह भदौरिया, युवा ब्लॉक अध्यक्ष अजय सिंह चौहान, उपाध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष लक्ष्मी चंद्र आर्य, तहसील सचिव कैलाश चंद्र शुक्ला, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ अध्यक्ष लल्ला खान समेत संगठन के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
News Wani
