फतेहपुर। शहर के रघुवंशपुरम स्थित सरस्वती बाल मंदिर इंटर कॉलेज में अभी कुछ दिन पूर्व छात्र तेजस की मौत का मामला थमा भी नहीं था कि चार दिन पहले इसी विद्यालय में कक्षा 11 में पढ़ने वाला छात्र रहस्यमय ढंग से लापता हो गया। छात्र की तलाश में पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। वहीं, छात्र के परिजन बेहद परेशान हैं और अपने स्तर से भी उसकी जगह-जगह तलाश कर रहे हैं।
परिजनों की ओर से दी गई तहरीर में छात्र के पिता महेंद्र ने बताया कि उनका पुत्र योगेश कुमार सरस्वती बाल मंदिर इंटर कॉलेज, रघुवंशपुरम में कक्षा 11 का छात्र है। 6 सितंबर की सुबह वह घर से साइकिल बनवाने के लिए निकला था। देर शाम तक जब वह वापस नहीं लौटा तो परिजन चिंतित हो गए और उसकी तलाश शुरू कर दी।
रिश्तेदारों और परिचितों के यहां तलाश करने के बाद भी योगेश का कोई पता नहीं चला। इसके बाद परिजनों ने थाने पहुंचकर उसके लापता होने की सूचना दी, जिस पर पुलिस ने छात्र की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस की जांच में साथरियांव मार्ग पर साहू चक्की के पास से बाल मंदिर इंटर कॉलेज की ओर जाने वाले रास्ते पर लगे सीसीटीवी कैमरे में योगेश को साइकिल से जाते हुए देखा गया। हालांकि, बांदा टांडा मार्ग पर योगेश किस दिशा में गया, इसका पता नहीं चल सका।
पुलिस ने जयरामनगर चौराहे के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालने का प्रयास किया, लेकिन वहां लगे सभी कैमरे खराब पाए गए। कैमरों की फुटेज उपलब्ध नहीं होने के कारण पुलिस की जांच फिलहाल प्रभावित हुई है।
बताया जा रहा है कि लापता किशोर के मोबाइल फोन पर कॉलेज में पढ़ने वाली एक छात्रा के दो मैसेज भी मिले हैं। इन संदेशों के आधार पर पुलिस ने छात्रा के परिजनों को बुलाकर पूछताछ की, लेकिन अभी तक योगेश के बारे में कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है।
चार दिन से छात्र का पता न चलने से परिजनों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। परिवार के लोग रिश्तेदारों, परिचितों और संभावित स्थानों पर उसकी तलाश कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज और अन्य बिंदुओं के आधार पर छात्र की तलाश की जा रही है।
News Wani
