खागा, फतेहपुर। शिक्षा में नवाचार के जरिए बच्चों के भविष्य को संवारने और मानवता की मिसाल पेश करने वाले प्राथमिक विद्यालय मलूकपुर के सहायक अध्यापक आनंद कुमार मिश्र को राज्य अध्यापक पुरस्कार मिलने पर जनपद में हर्ष का माहौल है। उनके सम्मान में शनिवार को सरस्वती बाल मंदिर इंटर कॉलेज में भव्य समारोह आयोजित कर अभिनंदन किया गया। शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने के साथ ही कैंसर पीड़ित छात्रा के इलाज के लिए नौ लाख रुपये जुटाकर उसकी जिंदगी बचाने में अहम भूमिका निभाने वाले आनंद मिश्र की उपलब्धियों की सराहना की गई।
आनंद कुमार मिश्र ने शिक्षण कार्य को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित न रखते हुए नवाचारों के माध्यम से बच्चों में पढ़ाई के प्रति रुचि जगाने का प्रयास किया है। उनके प्रयासों ने शिक्षा के साथ संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी का भी संदेश दिया है। विद्यालय की कैंसर पीड़ित छात्रा के इलाज के लिए नौ लाख रुपये की धनराशि जुटाने में उनकी अहम भूमिका ने उन्हें मानवता की मिसाल के रूप में पहचान दिलाई। राज्य अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित होने पर उनके शैक्षिक योगदान और सेवाभाव को नई पहचान मिली है।
सम्मान समारोह में सरस्वती बाल मंदिर इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य राज कपूर ने आनंद मिश्र को फूल-माला पहनाकर, अंगवस्त्र भेंट कर और प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया। वहीं, मंथन हॉस्पिटल के निदेशक राजू खान ने भी फूल-माला पहनाकर प्रतीक चिह्न भेंट किया। भाजपा के जिला आईटी संयोजक अक्षत त्रिपाठी ने अंगवस्त्र भेंट कर शिक्षक का सम्मान किया।
समारोह में आनंद मिश्र के शैक्षिक योगदान, शिक्षण में किए गए नवाचारों और छात्रा के उपचार के लिए किए गए सहयोग की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी गईं।

News Wani