डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार की सियासत में मंत्रिमंडल विस्तार के बाद राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को विपक्ष पर तीखा हमला बोला।

उसे अफवाह और भ्रम की राजनीति करने वाला बताया। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर विपक्ष के उस दावे को खारिज किया, जिसमें पांच राज्यों के चुनाव खत्म होने के बाद पेट्रोल-डीजल और LPG के दाम बढ़ने की आशंका जताई जा रही थी।

विपक्ष की ‘फियर पॉलिटिक्स’ पर हमला

मुख्यमंत्री ने अपने पोस्ट में एक ग्राफिक साझा करते हुए लिखा कि ‘एक बार फिर विपक्ष की फियर पॉलिटिक्स फर्जी साबित हुई। ‘उन्होंने कहा कि सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि पेट्रोल, डीजल या घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत बढ़ाने का कोई प्रस्ताव लंबित नहीं है।

(एक्‍स पर सम्राट चौधरी का पोस्‍ट।)

सम्राट चौधरी ने लिखा कि विपक्ष लंबे समय से अफवाह और भ्रम फैलाकर राजनीति करता रहा है, लेकिन अब देश की जनता सच और तथ्य दोनों पहचानने लगी है उन्होंने कहा कि ‘न पेट्रोल के दाम बढ़े हैं, न डीजल के और न ही घरेलू एलपीजी सिलेंडर के, फिर भी जनता को गुमराह करने की कोशिश की जा रही है।’

‘जनहित बनाम भ्रम की राजनीति’ का संदेश

मुख्यमंत्री ने अपने बयान के जरिए विपक्ष पर जनता को डराने की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि देश अब जागरूक और सजग है तथा झूठ की राजनीति को पूरी तरह समझ चुका है। जनहित और विकास की राजनीति ही जनता का विश्वास जीत रही है।

मंत्रिमंडल विस्तार के बाद बढ़ी राजनीतिक सक्रियता

इधर, मंत्रिमंडल विस्तार के अगले ही दिन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की। इसकी तस्वीर भी उन्होंने एक्स पर साझा की। तस्वीर में नीतीश कुमार मुख्यमंत्री के कंधे पर हाथ रखे मुस्कुराते नजर आ रहे हैं। राजनीतिक गलियारों में इस मुलाकात को सत्ता पक्ष के भीतर समन्वय और एकजुटता के संदेश के तौर पर देखा जा रहा है। मंत्रिमंडल विस्तार के बाद सरकार अब संगठनात्मक और राजनीतिक स्तर पर भी सक्रिय दिखाई दे रही है।