गाजियाबाद। अभय खंड स्थित गौर ग्रीन एवेन्यू सोसायटी में 29 अप्रैल को छह फ्लैटों में आग लगने की घटना को नौ दिन बीत गए हैं। डीएम द्वारा जांच के लिए गठित की गई समिति ने रिपोर्ट भी तैयार कर ली है लेकिन आग लगने की वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है। अब ऐसे में सवाल है कि सोसायटी में आग लगने की वजह हादसा है या फिर इसके पीछे कोई साजिश है। आग लगने की वजह का पता चल भी पाएगा या फिर नहीं । जांच रिपोर्ट शुक्रवार को जिलाधिकारी को सौंपी जा सकती है, रिपोर्ट का अवलोकन कर जिलाधिकारी द्वारा अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।

30 अप्रैल को गठित की गई थी जांच कमेटी

डीएम ने हादसे के बाद 30 अप्रैल को इस मामले में जीडीए सचिव विवेक मिश्रा की अध्यक्षता में एक जांच समिति गठित की थी, समिति को तीन दिन के अंदर रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए थे।

जांच का मुख्य बिंदू सोसायटी के अंदर फ्लैटों में लगी आग की वजह का पता लगाना था। समिति द्वारा की गई जांच में पता चला कि जब आग लगी थी, उस वक्त शार्ट सर्किट नहीं हुआ था, न ही गैस सिलिंडर में किसी प्रकार की आग लगी थी। ऐसे में आग लगने की स्पष्ट वजह का पता लगाने के लिए इस मामले की और गहनता से जांच की जा सकती है, जिससे कि स्थिति स्पष्ट हो सके। इसके अलावा समिति को सोसायटी के अंदर अवैध निर्माण का भी पता चला है, सोसायटी के अंदर नक्शे के विपरीत निर्माण कार्य कराए गए हैं।