भागलपुर। विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त होने के बाद भागलपुर-नवगछिया के बीच वैकल्पिक यातायात व्यवस्था को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए गुरुवार को समाहरणालय में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने की।

किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो

बैठक में जिलाधिकारी ने एसपी सिंगला कंपनी के प्रतिनिधियों को बरारी घाट और महादेवपुर घाट तक पहुंच मार्ग को समतल और दुरुस्त करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसान, व्यवसायी, कर्मचारी और आम लोग इसी मार्ग से आवागमन करेंगे, इसलिए किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। डीएम ने निर्देश दिया कि मोटर बोट के डबल स्टोरी हिस्से पर यात्रियों को बैठाने की अनुमति नहीं होगी, वहां केवल चालक और क्रू मेंबर ही रहेंगे।

जलमार्ग गश्ती व निगरानी का निर्देश

एसडीआरएफ टीम को जलमार्ग में गश्ती करने और दंडाधिकारी व पुलिस बल के साथ समन्वय बनाकर निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। नगर निगम को घाटों पर प्रतिदिन तीन बार सफाई कराने और फुटकर दुकानदारों को डस्टबिन रखने का निर्देश दिया गया। महादेवपुर घाट पर अतिरिक्त टेंट लगाने की बात भी कही गई। क्रूज से यात्रियों के उतरने के दौरान भीड़ नियंत्रण के लिए अतिरिक्त पुलिस बल और आपदा मित्रों की तैनाती होगी।

तत्काल मरम्मत करने का निर्देश

जिलाधिकारी ने बताया कि विक्रमशिला सेतु पर लगभग तीन से साढ़े तीन मीटर चौड़ा बेली ब्रिज (स्कैफोल्डिंग ब्रिज) जल्द तैयार किया जाएगा। इसके संचालन के दौरान एक ओर से वाहनों को छोड़कर दूसरी ओर के वाहनों को रोका जाएगा।