मेरठ। कांवड़ यात्रा 2026 के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को मेरठ पहुंचे। करीब 30 मिनट के संक्षिप्त दौरे के दौरान उन्होंने दुल्हैडा चुंगी पहुंचकर हरिद्वार से कांवड़ लेकर लौट रहे शिवभक्तों पर पुष्प वर्षा की। इस दौरान कांवड़ियों में उत्साह देखने को मिला और पूरा क्षेत्र ‘बोल बम’ के जयघोष से गूंज उठा।
मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर दोपहर करीब 12:22 बजे मोदीपुरम स्थित शोभित विश्वविद्यालय के हेलीपैड पर उतरा। यहां से वह कार द्वारा दुल्हैडा चुंगी पहुंचे, जहां कांवड़ियों के स्वागत के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया था। मुख्यमंत्री ने कांवड़ मार्ग पर गुजर रहे शिवभक्तों पर फूल बरसाकर उनका अभिनंदन किया।
कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
कांवड़ियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए मेरठ प्रशासन और पुलिस पहले से ही अलर्ट मोड में रहे। मार्गों पर सुरक्षा, यातायात नियंत्रण और कांवड़ियों की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए। मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान भी अधिकारियों ने व्यवस्थाओं पर विशेष निगरानी बनाए रखी।
सुरक्षा को लेकर पुलिस रही मुस्तैद
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए शोभित विश्वविद्यालय के हेलीपैड से लेकर दुल्हैडा चुंगी तक भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। कार्यक्रम स्थल और आसपास के इलाकों में सुरक्षा एजेंसियां लगातार निगरानी करती रहीं। यातायात व्यवस्था को भी सुचारु रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए।
कार्यक्रम के दौरान ड्रोन ने बढ़ाई सुरक्षा की चिंता
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान मंच के सामने एक ड्रोन काफी देर तक आसमान में उड़ता दिखाई दिया। बिना अनुमति ड्रोन उड़ाए जाने की जानकारी मिलते ही सुरक्षा कर्मियों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने ड्रोन संचालक की तलाश शुरू कर दी।
कार्यक्रम स्थल पर लगे माइक से घोषणा कर ड्रोन उड़ाने वाले व्यक्ति से तत्काल ड्रोन नीचे उतारने को कहा गया। कुछ देर बाद ड्रोन को नीचे उतार लिया गया। इसके बाद सुरक्षा कर्मियों ने राहत की सांस ली।
पुष्प वर्षा कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वापस शोभित विश्वविद्यालय के हेलीपैड पहुंचे। वहां से उनका हेलीकॉप्टर गाजियाबाद के हिंडन एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गया।
News Wani
