जहानाबाद। बिहार सरकार के पूर्व मंत्री सह राजद के पूर्व विधायक बागी कुमार वर्मा का मंगलवार को निधन हो गया।
दिल्ली स्थित एम्स में इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। 77 वर्षीय बागी कुमार वर्मा जिले के मखदुमपुर प्रखंड के झमन बिगहा गांव के निवासी थे। उनके निधन की खबर से जहानाबाद और अरवल जिले में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा समर्थकों में शोक व्याप्त हो गया।

बागी कुमार वर्मा। फाइल
काफी समय से बीमार थे वर्मा
बागी कुमार वर्मा लंबे समय से बीमार चल रहे थे। पिछले कुछ महीनों से उनका इलाज दिल्ली एम्स में चल रहा था। वे मखदुमपुर विधानसभा क्षेत्र से वर्ष 1995 से 2005 तक राजद विधायक रहे। राष्ट्रीय जनता दल सरकार में खाद एवं आपूर्ति विभाग के राज्य मंत्री पद की जिम्मेदारी भी संभाली थी। वर्ष 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में उन्होंने RJD के टिकट पर अरवल जिले के कुर्था विधानसभा क्षेत्र से जीत दर्ज की थी। स्वास्थ्य कारणों से वर्ष 2025 के विधानसभा चुनाव में पार्टी द्वारा टिकट दिए जाने के प्रस्ताव को उन्होंने अस्वीकार कर सक्रिय चुनावी राजनीति से दूरी बना ली थी।
जदयू से भी समय-समय पर जुड़ाव
बागी कुमार वर्मा चर्चित समाजवादी नेता उपेंद्रनाथ वर्मा के पुत्र थे। राजनीतिक जीवन में उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई थी। वे समय-समय पर जदयू से भी जुड़े रहे। अपने लंबे राजनीतिक जीवन में वे क्षेत्र की जनता के बीच सरल स्वभाव और जनसरोकारों से जुड़े नेता के रूप में पहचाने जाते थे। उनके निधन पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी शोक जताया है। एक्स पर उन्होंने पूर्व मंत्री की तस्वीर साझा करते हुए लिखा, उनके देहावसान से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र को अपूरणीय क्षति हुई।
News Wani
