फतेहपुर। डेंगू एवं अन्य संक्रामक बीमारियों से बचाव और जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शनिवार को गढ़ीवा में स्वास्थ्य जागरूकता अभियान चलाया गया। इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन एवं कार्यकारिणी सदस्य डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने 53 बच्चों को निःशुल्क होम्योपैथिक औषधि वितरित की।
अभियान के दौरान डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने बच्चों को डेंगू एवं अन्य संक्रामक बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने स्वच्छता अपनाने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि साफ-सफाई का ध्यान रखकर कई बीमारियों से बचा जा सकता है।
उन्होंने लोगों को सलाह दी कि घरों और आसपास पानी जमा न होने दें, क्योंकि रुके हुए पानी में मच्छर पनपते हैं। साथ ही, पीने के पानी को उबालकर इस्तेमाल करने और अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने कहा कि बीमारियों से बचाव के लिए जागरूकता और सावधानी बेहद जरूरी है। बच्चों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के साथ ही उन्हें स्वास्थ्य संबंधी अच्छी आदतें अपनाने के लिए प्रेरित करना चाहिए।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य बच्चों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए समुदाय को सतर्क बनाना रहा।
इस अवसर पर आचार्य रामनारायण एवं प्रमुख सहयोगी अभिनव श्रीवास्तव उपस्थित रहे।

News Wani