Breaking News

फतेहपुर में सुनार पर करोड़ों की ठगी का आरोप, जेवर-नकदी लेकर 15 दिन से फरार; सैकड़ों ग्रामीण परेशान

फतेहपुर। जिले में भरोसे के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पत्थरकटा निवासी दशरथ सोनी पर पांच गांवों के सैकड़ों ग्रामीणों से करीब चार करोड़ रुपये के जेवरात और नकदी लेकर फरार होने का आरोप लगा है। करीब आठ वर्षों से बिसौली चौराहे पर सुनार की दुकान चलाने वाला दशरथ ग्रामीणों के बीच इस कदर विश्वास बना चुका था कि लोग उसके पास बेझिझक अपने सोने-चांदी के जेवर और रकम जमा करते थे। आरोप है कि इसी भरोसे का फायदा उठाकर वह बड़ी रकम समेटकर फरार हो गया।

ग्रामीणों के मुताबिक, दशरथ सोनी दुकान पर सोने-चांदी के आभूषण बेचने के साथ पुराने जेवर खरीदने और गिरवी रखने का काम भी करता था। वह आसपास के गांवों में घूम-घूमकर भी लोगों से लेनदेन करता था। पिछले करीब 15 दिनों से अचानक उसका कोई पता नहीं है। दुकान पर ताला लगा है और मोबाइल फोन भी बंद बताया जा रहा है।

ग्रामीणों ने जब उसकी तलाश शुरू की तो उसके फरार होने की जानकारी सामने आई। मामला खुलने के बाद पीड़ित ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। बुधवार को दो दर्जन से अधिक पीड़ित सदर कोतवाली पहुंचे और पुलिस को लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।

पीड़ितों में पूनम देवी निवासी बैरी गोविंदपुर थाना मलवां, बांदा, परमा का पुरवा निवासी रामलाल, कामता, सुकेती के चंद्रसेन, प्रेम, मिथलेश कुमार, रोहित, वीरेंद्र कुमार, मेघनाथ, कमलेश और सुधवा निवासी सुनील समेत अन्य ग्रामीण शामिल रहे।

सदर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक हेमंत कुमार मिश्रा ने बताया कि ग्रामीणों की ओर से शिकायत पत्र प्राप्त हुए हैं। मामले की जांच कराई जा रही है और जांच के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

About NW-Editor

Check Also

नहर में गिरने से 70 वर्षीय महिला की मौत, सुबह बरामद हुआ शव; परिजनों में मचा कोहराम

फतेहपुर। बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के मंडराव नहर पुलिया के समीप मंगलवार को नहर में डूबने …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *