Breaking News

फतेहपुर में छात्रों को पॉक्सो कानून और साइबर सुरक्षा की दी जानकारी, राष्ट्रीय ओलंपियाड विजेताओं का सम्मान

फतेहपुर। नगर स्थित महर्षि विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल में छात्रों के बीच पॉक्सो अधिनियम 2012 के प्रावधानों के प्रति जागरूकता पैदा करने के उद्देश्य से विधिक साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद न्यायाधीश सुधीर कुमार तथा विशिष्ट अतिथि जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक मौजूद रहे। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव पलाश गांगुली समेत अन्य न्यायिक अधिकारी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलन और पुष्पार्चन कर किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रमोद कुमार त्रिपाठी ने अतिथियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। उन्होंने विद्यालय की मासिक पत्रिका ‘ज्ञान’ भी अतिथियों को भेंट की।

जनपद न्यायाधीश सुधीर कुमार ने छात्रों को पॉक्सो कानून की जानकारी देते हुए कहा कि जानकारी के अभाव में कई युवा ऐसे अपराध कर बैठते हैं, जिनमें सख्त कानून के तहत कड़ी सजा का प्रावधान है। उन्होंने बच्चों से कहा कि यह पढ़ने और अपने सपनों को पूरा करने की उम्र है। सभी को अपना लक्ष्य निर्धारित कर उसे हासिल करने के लिए मेहनत करनी चाहिए। सफलता मिलने के बाद अपने जीवनसाथी का चुनाव भी सोच-समझकर करना चाहिए, जिससे स्वयं और अपने अभिभावकों को गर्व महसूस हो।

जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने डिजिटल दुनिया में सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति फर्जी आईडी के जरिए परेशान कर रहा है तो किसी भरोसेमंद व्यक्ति से मदद जरूर लेनी चाहिए। उन्होंने बच्चों को अपनी निजी तस्वीरें किसी के साथ साझा न करने की सलाह दी। यदि कोई व्यक्ति किसी आपत्तिजनक कंटेंट के जरिए परेशान करता है तो उसे छिपाकर चुप नहीं बैठना चाहिए, बल्कि इसकी जानकारी जिम्मेदार व्यक्ति या संबंधित अधिकारियों को देनी चाहिए।

पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बच्चों को मोबाइल फोन का इस्तेमाल बेहद सावधानी से करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया और इंटरनेट का उपयोग करते समय किसी अनजान व्यक्ति पर भरोसा करने से बचना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान महर्षि नेशनल ओलंपियाड में राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले मैत्रेय सिंह, अक्षिता शुक्ला और अनुभव सिंह को क्रमशः 3000 रुपये नकद पुरस्कार, गोल्ड मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

वहीं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले आर्या शुक्ला और देविका यशस्वी को 2500 रुपये नकद पुरस्कार, सिल्वर मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों आशुतोष अवस्थी, अक्षत तिवारी, आयुष तिवारी और सिद्धार्थ सिंह को 2000 रुपये नकद पुरस्कार, कांस्य मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

About NW-Editor

Check Also

फतेहपुर में मानसिक तनाव से परेशान युवक ने निगला जहरीला पदार्थ, इलाज के दौरान मौत

फतेहपुर। राधानगर थाना क्षेत्र के मोहल्ला भिखारीपुर में मानसिक तनाव के चलते 32 वर्षीय युवक …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *