Breaking News

मॉनसून ने पकड़ी रफ्तार: 5 राज्यों में झमाझम बारिश, जानिए यूपी-एमपी से दिल्ली तक कब बरसेंगे बदरा

नई दिल्ली: भीषण गर्मी के बीच मॉनसून का इंतजार कर रहे लोगों के लिए अच्छी खबर है. मॉनसून ने आखिरकार भारत में दस्तक दे दी है. लेकिन इस साल मॉनसून तीन दिन की देरी से भारत पहुंचा है. गुरुवार को मॉनसून केरल में दाखिल हुआ. फिलहाल मॉनसून केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों तक पहुंच चुका है. आने वाले दिनों में यह देश के अन्य राज्यों तक पहुंचेगा. इधर दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत में भी आंधी-बारिश का दौर जारी है. आखिर आपके राज्य में मॉनसून कब दस्तक देगा? आइए बताते हैं.

कल मॉनसून ने दी थी दस्तक

मौसम विभाग के अनुसार, मॉनसून ने कल यानी 4 जून को दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व अरब सागर के शेष हिस्सों, पश्चिम-मध्य और पूर्व-मध्य अरब सागर के कुछ भागों, पूरे लक्षद्वीप द्वीपसमूह, केरल और माहे, कर्नाटक और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों, कोमोरिन क्षेत्र के शेष भागों, दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी तथा दक्षिण-पश्चिम, पश्चिम-मध्य, पूर्व-मध्य और उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों तक आगे बढ़ गया है.

कहां कब तक पहुंचेगा मॉनसून?

गोवा और तेलंगाना: 7-8 जून तक
महाराष्ट्र: 5 से 10 जून तक
गुजरात: 20 जून तक
मध्यप्रदेश: 15 से 20 जून
पूर्वी यूपी और बिहार: 15 से 20 जून तक
मध्य यूपी: 20 से 25 जून
राजस्थान: 25 से 30 जून
दिल्ली-NCR: 30 जून के आसपास

इन राज्यों में मॉनसूनी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, केरल और कर्नाटक में अगले 7 दिनों के दौरान अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश का अलर्ट रहेगा. तमिलनाडु में भी अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. उत्तर-पूवी भारत में अगले 5-6 दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश जारी रहने की संभावना है. अगले 2-3 दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूवी भारत के कई हिस्सों और दक्षिणी प्रायद्वीपीय भारत में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने के साथ मध्यम से गंभीर गरज के साथ तूफान आने की संभावना है.

अगले 2-3 दिनों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के मध्य अरब सागर, कर्नाटक, महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों, गोवा और तमिलनाडु के बाकी हिस्सों, दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी, पश्चिम-मध्य, पूर्व-मध्य और उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों और पूर्वोत्तर राज्यों के कुछ हिस्सों में और आगे बढ़ने के लिए हालात अनुकूल हैं.

दिल्ली-NCR में भी बारिश का अलर्ट

आईएमडी दिल्ली-एनसीआर के लिए एक बार फिर बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को दिनभर गरज-चमक के साथ आंधी, तेज हवाएं और हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है. वहीं 6 जून को भी मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है. इस दिन अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. हालांकि इस दिन के लिए कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है. इसके बाद मौसम में तेजी से सुधार होने के संकेत हैं. 7 जून को आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है. इस दिन अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहेगा.

About NW-Editor

Check Also

“TMC नेता अभिषेक बनर्जी के घर पुलिस छापा, मॉनिटर समेत कई सामान जब्त; अवैध निर्माण नोटिस के बाद कार्रवाई”

नई दिल्ली। तृणमूल कांग्रेस के महासचिव और ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी के घर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *