Breaking News

मथुरा में रिश्तों का कत्ल: सोनम, मुस्कान, रूबी से भी क्रूर निकली नैना, पत्नी ने बेटी और उसके प्रेमी संग मिलकर पति की हत्या, ठिकाने लगाई लाश

मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है। यहां एक महिला पर अपनी बेटी और उसके प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या करने का आरोप लगा है। पुलिस के अनुसार, पति बेटी के प्रेम संबंध का विरोध करता था। इसी विवाद के चलते उसे कथित तौर पर दूध में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया गया और बेहोश होने के बाद सिर पर मूसली से वार कर उसकी हत्या कर दी गई।

हत्या के बाद आरोपियों ने शव को कंबल में लपेटकर इलेक्ट्रिक स्कूटी से यमुना किनारे अक्रूर घाट की ओर ले जाने और साक्ष्य मिटाने की कोशिश की। पुलिस को आशंका है कि शव को जलाने या जंगल में ठिकाने लगाने का प्रयास किया गया। करीब तीन महीने से अधिक समय बाद मामले की परतें खुलने पर पुलिस ने पत्नी, बेटी और बेटी के प्रेमी को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

विवाद के बाद पति हो गया था लापता

जयसिंहपुरा क्षेत्र निवासी मनोज सोनी का 18 अप्रैल की रात पत्नी से विवाद हुआ था। इसके बाद वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। पत्नी ने कुछ दिन बाद थाने में गुमशुदगी की सूचना दी, लेकिन अगले ही दिन उसे वापस ले लिया गया। परिजनों के लगातार दबाव के बाद 9 मई को दोबारा गुमशुदगी दर्ज कराई गई।

इसके बाद भी जब मनोज का कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत की। सात जून को नैना घर में ताला लगाकर अपनी छोटी बेटी के साथ चली गई। इससे परिवार का शक और गहरा गया।

पूछताछ में सामने आई हत्या की कहानी

पुलिस की पूछताछ के दौरान मामले में नया मोड़ आया। परिजनों के अनुसार, नैना ने अपने मायके पहुंचकर कथित तौर पर पूरी घटना की जानकारी दी। आरोप है कि बेटी और उसके प्रेमी ने मनोज को नशीला पदार्थ मिला दूध पिलाया। बेहोश होने के बाद उसके सिर पर मूसली से वार कर हत्या कर दी गई।

इसके बाद शव को कंबल में लपेटकर स्कूटी से यमुना किनारे ले जाया गया। वहां शव को जलाकर या ठिकाने लगाकर साक्ष्य मिटाने की कोशिश की गई।

पुलिस ने चलाया सर्च ऑपरेशन

मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने अक्रूर घाट और आसपास के जंगल में तलाशी अभियान चलाया। डॉग स्क्वायड और जेसीबी की मदद से भी शव की तलाश की गई। यमुना का जलस्तर बढ़ा होने के कारण तलाशी अभियान में परेशानी आई।

पुलिस को मौके से एक कंबल मिला। इसके अलावा घर के बाहर जले हुए कपड़ों और दस्तावेजों की राख भी बरामद की गई। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर इलेक्ट्रिक स्कूटी समेत अन्य सामान भी कब्जे में लिया है।

बेटी के प्रेम संबंध को लेकर था विवाद

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि मनोज अपनी बेटी के प्रेम संबंध का विरोध करता था। आरोप है कि इसी वजह से उसके खिलाफ हत्या की साजिश रची गई। मामले में बेटी के प्रेमी की भूमिका भी जांच के दायरे में है।

पुलिस अब बरामद साक्ष्यों और आरोपियों के बयानों के आधार पर हत्या की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी है। शव की तलाश और मामले से जुड़े अन्य साक्ष्यों को जुटाने का प्रयास जारी है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद जेल भेज दिया गया है।

About NW-Editor

Check Also

भारी बारिश के चलते कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूल आज बंद, प्रशासन ने जारी किए आदेश

प्रयागराज में हो रही लगातार  मूसलधार बारिश और जलभराव की स्थिति को देखते हुए जिला …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *