फतेहपुर। मुख्यमंत्री द्वारा आउटसोर्सिंग कर्मचारियों का मानदेय बढ़ाए जाने की घोषणा के बाद जलकल विभाग के कर्मचारियों में खुशी की लहर दौड़ गई। अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ के तत्वावधान में जलकल पानी की टंकी परिसर में कर्मचारियों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर और माला पहनाकर खुशी का इजहार किया। कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री के निर्णय को लंबे समय से चली आ रही मांग और संघर्ष की जीत बताया।
अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व सभासद धीरज कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री ने जनवरी 2025 में कुंभ मेले के दौरान आउटसोर्सिंग कर्मचारियों का वेतन बढ़ाने की घोषणा की थी। इसके बाद निगम का गठन किया गया और अब कर्मचारियों के मानदेय में वृद्धि के साथ ईपीएफ और बीमा जैसी सुविधाओं को लेकर किए जा रहे प्रयास स्वागत योग्य हैं। उन्होंने संगठन की ओर से मुख्यमंत्री का आभार जताया।
अरुण पाल ने कहा कि अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ लगातार आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के हितों के लिए संघर्ष करता रहा है। कर्मचारियों के मानदेय में बढ़ोतरी इसी संघर्ष का सकारात्मक परिणाम है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं और अधिकारों के लिए संगठन आगे भी आवाज उठाता रहेगा।
वक्ताओं ने नगर निकायों में कार्यरत संविदा और स्थायी कर्मचारियों को पंडित दीनदयाल उपाध्याय कैशलेस योजना का लाभ दिए जाने की मांग भी उठाई। उनका कहना था कि कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा का लाभ मिलने से कर्मचारियों और उनके परिवारों को इलाज के दौरान आर्थिक परेशानी से राहत मिल सकेगी।
मानदेय बढ़ाए जाने की खुशी में जलकल पानी की टंकी परिसर में कर्मचारियों ने एक-दूसरे को बधाई दी और मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में आदिल, ऋतिक कुमार, गुड्डू पाल, हिमांशु पाल, आशीष कुमार, अनिल कुमार, विमलेश कुमार, प्रदीप कुमार, राजबहादुर, संतोष कुमार, सुनील कुमार, रवि, नंदकिशोर, बृजेश, रज्जीलाल, अरविंद पाल, रोहित कुमार, महेंद्र कुमार, दिलशाद, रजत कुमार, राजेश कुमार, मुकेश कुमार, सुखराम आदि मौजूद रहे।
News Wani
