Breaking News

कौशांबी में मिट्टी का टीला ढहा, 5 की दर्दनाक मौत

 

कौशांबी: यूपी के कौशांबी जिले में सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा हुआ. मिट्टी का टीला ढहने से 5 महिलाओं की दम घुटने से मौत हो गई, जिनमें नाबालिग लड़कियां भी शामिल हैं. इस हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. ये सभी लोग तालाब किनारे मिट्टी खोदने गए थे, तभी टीला ढह गया और वे दब गए. ग्रामीणों ने रेस्क्यू कर सभी को बाहर निकाला, लेकिन तब तक 5 महिलाओं की मौत हो चुकी थी. घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

हादसे की सूचना मिलते ही डीएम और एसपी मौके पर पहुंचे. डीएम ने घायलों के समुचित इलाज और मृतकों के परिजनों को कृषक दुर्घटना बीमा के तहत आर्थिक मदद देने की घोषणा की है. यह घटना कोखराज थाना क्षेत्र के टीकरडीह गांव की है. जानकारी के अनुसार, टीकरडीह की रहने वाली 35 वर्षीय संगीता, 32 वर्षीय ममता, 35 वर्षीय कछरही, 14 वर्षीय उमा, 16 वर्षीय खुशी, 15 वर्षीय सुमन, 30 वर्षीय सुग्गन और 23 वर्षीय मैना देवी सुबह करीब 7:30 बजे घर की पुताई के लिए तालाब से मिट्टी खोद रही थीं. मिट्टी खोदते समय वे गहरे गड्ढे में चली गईं और अचानक टीला ढह गया. मलबे में दबने से सभी की हालत गंभीर हो गई. हादसा देखकर बच्चे चीखते-चिल्लाते गांव की तरफ भागे और ग्रामीणों को सूचना दी.

ग्रामीणों ने पुलिस और एंबुलेंस को बुलाया और रेस्क्यू कर सभी को बाहर निकाला. जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने संगीता, ममता, कछरही, सुमन और खुशी को मृत घोषित कर दिया. उनके शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं. वहीं, सपना, सुग्गन और मैना देवी का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है. इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में मातम का माहौल है और परिजनों का बुरा हाल है. डीएम मधुसूदन हुल्गी ने बताया कि टीकरडीह गांव में कुछ लोग मिट्टी खोदने गए थे और मिट्टी खुदाई के दौरान दब गए. पांच लोगों की मौत हो गई और चार लोग घायल हैं. पांच टीमों को लगाया गया है और सभी सूचनाएं ले ली गई हैं. मृतकों के परिजनों को कृषक दुर्घटना योजना के तहत पूरी सहायता दी जाएगी और घायलों का इलाज सरकारी योजनाओं से किया जाएगा.

About NW-Editor

Check Also

महिला ने बेटों संग मिलकर मां-बेटे को उतारा मौत के घाट!

उत्तर प्रदेश- कौशांबी जिले से सनसनीखेज खबर सामने आई है। चायल के काजू गांव में …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *