नई दिल्ली। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ विपक्ष का विरोध प्रदर्शन लगातार चौथे दिन भी जारी है। शुक्रवार को विपक्षी सांसदों की बैठक के बाद मार्च निकालने की संभावना जताई गई है। संभावित प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली के कई संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
राष्ट्रपति से मुलाकात के लिए विपक्ष ने मांगा समय
INDIA ब्लॉक के सांसद शुक्रवार दोपहर 3 बजे संविधान सदन के सेंट्रल हॉल में बैठक करने वाले हैं। इसके बाद सांसद गृह मंत्री के आवास, प्रधानमंत्री आवास, सेवा तीर्थ या उपराष्ट्रपति आवास की ओर मार्च कर सकते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने विपक्षी गठबंधन के 10 सांसदों के प्रतिनिधिमंडल को रात 8 बजे मुलाकात का समय दिया है।
कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल के अनुसार, विपक्ष ने राष्ट्रपति से मुलाकात के लिए पहली चिट्ठी 2 अक्टूबर को भेजी थी। इसके बाद 5 अक्टूबर को 10 नेताओं के नाम के साथ दोबारा आवेदन किया गया था।
दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, कई जगह बैरिकेडिंग
विरोध प्रदर्शन और संभावित मार्च को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने मध्य दिल्ली के कई इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी है। जनपथ रोड, कनॉट प्लेस और जंतर-मंतर की ओर जाने वाले रास्तों पर बैरिकेड्स लगाए गए हैं। जंतर-मंतर के आसपास निगरानी बढ़ाने के लिए सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं।
मुख्य चुनाव आयुक्त के सरकारी आवास और चुनाव आयोग के कार्यालय के आसपास भी सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम किए गए हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, 9 से 12 अक्टूबर के बीच राजधानी में बड़े पैमाने पर सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की तैयारी है।
प्रदर्शन के दौरान झड़पों को लेकर FIR
दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान हुई झड़पों के मामले में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के खिलाफ चार एफआईआर दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। वहीं, कनॉट प्लेस इलाके में एक कश्मीरी युवक पर कथित हमले के मामले में भी पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। यह घटना गुरुवार को कांग्रेस के प्रदर्शन से कुछ समय पहले हुई थी।
SIR को लेकर जारी है राजनीतिक टकराव
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर विपक्ष लगातार सवाल उठा रहा है। विपक्षी दल चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और मतदाता सूची से जुड़े मामलों पर अपनी मांगें रख रहे हैं। वहीं, प्रदर्शन के मद्देनजर राजधानी में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सतर्क है।
आने वाले घंटों में विपक्षी सांसदों की बैठक और राष्ट्रपति से प्रस्तावित मुलाकात के बाद राजनीतिक घटनाक्रम में आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकती है।
News Wani
