Breaking News

लखनऊ में सनसनीखेज वारदात: होमगार्ड ने पत्नी और बेटी की गला घोंटकर की हत्या, खुद थाने पहुंचकर दी सूचना

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के कृष्णानगर इलाके में दोहरी हत्या की घटना से सनसनी फैल गई। यहां एक होमगार्ड पर अपनी पत्नी और बड़ी बेटी की हत्या करने का आरोप है। शुक्रवार तड़के हुई इस घटना के बाद आरोपी ने खुद पुलिस को फोन कर वारदात की जानकारी दी और थाने पहुंच गया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान 56 वर्षीय रविंद्र शंकर गुप्ता के रूप में हुई है। वह भोला खेड़ा मोहल्ले का निवासी है और लखनऊ में होमगार्ड के पद पर तैनात था। पुलिस जब आरोपी के साथ उसके घर पहुंची तो पत्नी श्याम दुलारी (50) का शव पहली मंजिल पर और बेटी पूजा साहू (32) का शव भूतल पर मिला। दोनों के गले पर निशान पाए गए। शुरुआती जानकारी के अनुसार, दोनों की गला घोंटकर हत्या की गई।

बेटी से बातचीत को लेकर घर में होता था विवाद

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बेटी के किसी युवक से बातचीत करने को लेकर परिवार में अक्सर विवाद होता था। हालांकि, हत्या की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस पारिवारिक विवाद समेत सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।

डीसीपी मोहम्मद मुस्ताक के मुताबिक, दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

बेटी की दो शादियां हुई थीं, दोनों बार हुआ तलाक

जानकारी के अनुसार, पूजा साहू की पहली शादी वर्ष 2017 में हुई थी। पहले पति से तलाक के बाद उसने वर्ष 2022 में दूसरी शादी की। दूसरी शादी भी टूटने के बाद वह अपनी बेटी के साथ मायके में रह रही थी। पहली शादी से उसकी एक बेटी काव्या है।

परिवार में आरोपी की पत्नी और बच्चों के अलावा अन्य सदस्य भी हैं। उसकी मझली बेटी रूबी गुजरात में अपने पति के साथ रहती है, जबकि छोटी बेटी प्रिया की शादी नहीं हुई है। बेटा विनय उर्फ सूर्य प्रकाश अपनी पत्नी और तीन वर्षीय बेटे के साथ पारा क्षेत्र में अलग रहता है।

हत्या से पहले बेटे और बहू को खाने पर बुलाया था

परिजनों के मुताबिक, गुरुवार शाम आरोपी ने अपने बेटे, बहू और नाती को घर पर भोजन के लिए बुलाया था। खाना खाने के बाद तीनों रात में अपने घर लौट गए। इसके बाद तड़के करीब तीन बजे पत्नी और बेटी की हत्या किए जाने की बात सामने आई है।

घटना के समय आरोपी की छोटी बेटी अपनी बहन की बेटी के साथ दूसरे कमरे में थी। इस कारण उसे तत्काल वारदात की जानकारी नहीं हो सकी।

सुबह फोन कर दी हत्या की सूचना

पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद आरोपी ने सुबह करीब साढ़े चार बजे अपनी मझली बेटी रूबी को फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद उसने बेटे को भी बताया और डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। फिर वह खुद थाने पहुंच गया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी फैलते ही घर के बाहर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंचे।

पति-पत्नी के बीच पहले भी होते थे विवाद

पुलिस के अनुसार, वर्ष 2025 में श्याम दुलारी घर से चली गई थीं, जिसके बाद रविंद्र ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बाद में उन्हें रिश्तेदार के घर से बरामद किया गया था। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था।

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी पिछले आठ दिनों से ड्यूटी पर क्यों नहीं जा रहा था और घटना से पहले परिवार में क्या परिस्थितियां बनी थीं। फिलहाल हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों से पूछताछ और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है।

About NW-Editor

Check Also

लखनऊ में बाढ़ से हालात बेकाबू, बैकुंठ धाम डूबा: अंतिम संस्कार के लिए बचा सिर्फ एक चबूतरा; सड़क पर दाह संस्कार की नौबत

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में गोमती नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से बाढ़ की स्थिति गंभीर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *