Breaking News

फतेहपुर में बारिश बनी आफत, कच्ची छत गिरने से दो सगे भाई दबे; 8 साल के बच्चे की मौत

खागा, फतेहपुर। कोतवाली क्षेत्र के गोपालपुर गांव में शनिवार तड़के करीब चार बजे बारिश के कारण कमजोर हुआ कच्चा मकान भरभराकर गिर गया। हादसे के समय कमरे में सो रहे दो भाई मलबे में दब गए। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों भाइयों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने आठ वर्षीय आनंद सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं उसका 11 वर्षीय बड़ा भाई गुड्डू सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

गोपालपुर गांव निवासी राजेंद्र सिंह गुजरात के सूरत में मजदूरी करते हैं। गांव में उनकी पत्नी नीतू सिंह अपने दोनों बेटों गुड्डू और आनंद के साथ कच्चे मकान में रहती थीं। पिछले कई दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण मकान की मिट्टी की दीवारें और छत कमजोर हो चुकी थीं।

शनिवार तड़के करीब चार बजे नीतू सिंह दोनों बच्चों को कमरे में सोता छोड़कर मवेशियों को चारा डालने के लिए बाहर चली गईं। करीब 20 मिनट बाद अचानक कच्चे मकान की छत भरभराकर गिर गई। तेज आवाज सुनकर नीतू की चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर दोनों बच्चों को बाहर निकाला।

आनन-फानन दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने आठ वर्षीय आनंद को मृत घोषित कर दिया। गंभीर हालत में गुड्डू को जिला अस्पताल रेफर किया गया। मृतक आनंद गांव के ही परिषदीय विद्यालय में कक्षा तीन का छात्र था। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया और गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।

ग्रामीणों ने लेखपाल पर लगाया लापरवाही का आरोप

हादसे के बाद ग्रामीणों ने क्षेत्रीय लेखपाल पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए आक्रोश जताया। ग्रामीणों का कहना है कि परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर होने के बावजूद आवास योजना के लिए आवेदन किया गया था। पात्रता होने के बावजूद परिवार को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिल सका। ग्रामीणों ने मामले की जांच कर जिम्मेदारी तय करने की मांग की है।

एसडीएम ने लिया मामले का संज्ञान

हादसे की जानकारी मिलते ही एसडीएम अश्वनी पांडेय ने मामले का संज्ञान लिया। उन्होंने बताया कि मौके पर राजस्व टीम भेजकर मकान गिरने से हुए नुकसान का आकलन कराया जा रहा है। पीड़ित परिवार को नियमानुसार सरकारी सहायता और आर्थिक मदद दिलाने की कार्रवाई की जा रही है।

About NW-Editor

Check Also

फतेहपुर में ससुराल पहुंचे युवक की मौत से मचा हड़कंप, पत्नी को घर ले जाने आया था 45 वर्षीय बल्लू

फतेहपुर। थरियांव थाना क्षेत्र के हनुमानपुर कजियामेड़ा गांव में शनिवार को ससुराल आए एक युवक …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *