शशि भूषण दूबे कंचनीय/रोमेश रंजन दूबे
मीरजापुर। सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए जनपद में यातायात माह नवंबर-2026 का शुभारंभ किया गया। एक नवंबर को पुलिस लाइन स्थित मां विंध्यवासिनी सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने दीप प्रज्ज्वलित कर अभियान की शुरुआत की।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने जिलाधिकारी का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद स्कूली छात्र-छात्राओं और एनसीसी कैडेट्स को सड़क सुरक्षा के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर सड़क हादसे का कारण बन सकती है।
उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने और चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने की सलाह दी। साथ ही वाहन चलाते समय निर्धारित गति सीमा का पालन करने और यातायात संकेतों का ध्यान रखने की अपील की।
कार्यक्रम के समापन पर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने यातायात जागरूकता चेतना रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, एनसीसी कैडेट्स, पीएसी बैंड पार्टी और पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
नवंबर भर लोगों को जागरूक करेगा यातायात विभाग
यातायात माह के दौरान जनपद के विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यातायात पुलिस और स्वयंसेवी संगठनों के सहयोग से नुक्कड़ नाटक, चित्रकला प्रतियोगिता और निबंध लेखन जैसी गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा।
इसके अलावा यातायात जागरूकता चेतना रथ जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में भ्रमण करेगा। इसके जरिए आम नागरिकों को यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा और दुर्घटनाओं से बचाव के उपायों की जानकारी दी जाएगी। अधिकारियों ने लोगों से अभियान में सहयोग करने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाने की अपील की।
News Wani
