लखनऊ। मड़ियांव के फैजुल्लागंज इलाके में एक जनरल स्टोर की दुकान में घुसकर महिलाओं के सामने अश्लील हरकत करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पुराना लेनदेन का विवाद लेकर दुकान पर पहुंचे युवक ने पहले गाली-गलौज की और विरोध करने पर जबरन दुकान में घुस गया। इसके बाद उसने वहां मौजूद महिलाओं के सामने कपड़े उतार दिए। पूरी घटना दुकान में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
पुराने लेनदेन को लेकर दुकान पर पहुंचा था युवक
पुलिस के मुताबिक, फैजुल्लागंज के प्रीति नगर में एक महिला किराए पर जनरल स्टोर चलाती है। महिला का आरोप है कि ढुढोली निवासी मोंटू गुप्ता पुराने हिसाब-किताब को लेकर दुकान पर पहुंचा था। बातचीत के दौरान दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया और युवक गाली-गलौज करने लगा।
महिला के विरोध करने पर आरोपी कथित तौर पर जबरन दुकान के अंदर घुस गया। उस समय दुकान में महिला और उसकी भतीजी मौजूद थीं।
महिलाओं के सामने की अश्लील हरकत
आरोप है कि दुकान के अंदर पहुंचने के बाद युवक ने महिलाओं के सामने अपने कपड़े उतार दिए और अश्लील हरकत करने लगा। महिलाओं ने इसका विरोध किया तो वह कपड़े पहनकर वहां से चला गया। घटना के दौरान दुकान में लगे CCTV कैमरे में पूरी गतिविधि रिकॉर्ड हो गई।
वीडियो सामने आने के बाद धमकी का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि घटना का वीडियो सामने आने के बाद आरोपी ने उसके बेटे को फोन किया। महिला के मुताबिक, फोन पर गाली-गलौज करने के साथ जान से मारने की धमकी भी दी गई। पीड़िता ने पुलिस को कॉल रिकॉर्डिंग उपलब्ध कराने की बात कही है।
पुलिस ने CCTV फुटेज और कॉल रिकॉर्डिंग समेत उपलब्ध साक्ष्यों को जांच में शामिल किया है।
तीन महीने पुराना बताया जा रहा है वीडियो
मड़ियांव पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा CCTV वीडियो करीब तीन महीने पुराना बताया जा रहा है। हालांकि, पीड़िता की शिकायत के आधार पर अब आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। आरोपी की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
News Wani
