Breaking News

संस्कार समर कैंप में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा, एसपी ने किया सम्मानित

– अतिथियों का सम्मान करतीं संचालिका नीरा बहन।
फतेहपुर। बच्चों के चारित्रिक, मानसिक एवं शारीरिक विकास को केंद्र में रखकर ब्रह्माकुमारीज ओम शांति भवन ज्वालागंज में आयोजित दो दिवसीय संस्कार समर कैंप का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। कैंप के दूसरे दिन भी बच्चों ने पूरे जोश और उमंग के साथ विभिन्न गतिविधियों में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ब्रह्माकुमारी नीरा बहन ने कहा कि बच्चों के संपूर्ण विकास में चरित्र निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में चारित्रिक मूल्यों के ह्रास के कारण समाज में हिंसा, अशांति, पारिवारिक कलह और विभिन्न प्रकार की सामाजिक समस्याएं बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि भारत की प्राचीन संस्कृति मूल्यों और संस्कारों पर आधारित रही है, जिसके कारण देश को कभी सोने की चिड़िया कहा जाता था। यदि भारत को पुनः देवभूमि और संस्कारों की धरती बनाना है तो बच्चों में नैतिक एवं आध्यात्मिक मूल्यों का विकास करना होगा। इसके लिए संस्कारशालाओं और ऐसे समर कैंपों की महती आवश्यकता है। कैंप के दौरान बच्चों ने राष्ट्रगीत, फैंसी ड्रेस, मोनो एक्टिंग, विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं, जुम्बा डांस तथा अन्य सांस्कृतिक एवं मनोरंजक प्रस्तुतियों के माध्यम से उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। बच्चों की आकर्षक प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक अपने परिवार सहित उपस्थित रहे। कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद अध्यक्ष राजकुमार मौर्य, डिप्टी सीएमओ डॉ. प्रभाकर सिंह, कैप्टन लालजी श्रीवास्तव, अजय त्रिपाठी समेत अनेक गणमान्य नागरिकों ने प्रतिभाग किया और बच्चों की प्रतिभा की सराहना की। कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को शील्ड, मेडल एवं उपहार प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने बच्चों को जीवन में अनुशासन, संस्कार और शिक्षा के महत्व को अपनाने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम के सफल संचालन एवं व्यवस्थाओं में ब्रह्माकुमारी संगीता, प्रियंका, शांति, सीमा बहन सहित दिनेश, मोती, चंद्रपाल, नागेंद्र भाई एवं अन्य सेवाधारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। संस्कार, संस्कृति और नैतिक मूल्यों के संदेश से ओत-प्रोत यह समर कैंप बच्चों के लिए प्रेरणादायक एवं ज्ञानवर्धक साबित हुआ।

About NW-Editor

Check Also

मोदी सरकार के बारह साल पूरे होने पर भाजपा ने कसी कमर

– असोथर मंडल बैठक में कार्यकर्ताओं को मिला जीत का मंत्र – असोथर मंडल की …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *