Breaking News

स्वास्थ्य टीम को मंत्री की धौंस दिखाना सपा नेता को पड़ा महंगा

– अमेरिकन अल्ट्रासाउंड सेंटर हुआ सील
– अमेरिकन अल्ट्रासाउंड सेंटर को सील करती स्वास्थ्य विभाग की टीम।
फतेहपुर। स्वास्थ्य विभाग की टीम को एक मंत्री का रिश्तेदार बताकर दबाव बनाने का प्रयास करना अल्ट्रासाउंड सेंटर संचालक और सपा नेता रामनरेश पटेल को भारी पड़ गया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने कड़ा रुख अपनाते हुए रविवार को संबंधित अल्ट्रासाउंड सेंटर को सील कर दिया। जानकारी के अनुसार शहर के बिंदकी बस स्टॉप के समीप संचालित अमेरिकन अल्ट्रासाउंड सेंटर पर शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने औचक निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान सेंटर संचालक एवं सपा नेता रामनरेश पटेल ने स्वयं को एक मंत्री का रिश्तेदार बताते हुए टीम पर दबाव बनाने की कोशिश की थी। इस दौरान हुई बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद मामला चर्चा का विषय बन गया। वीडियो सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए रविवार को दोबारा सेंटर पर पहुंचकर जांच की। जांच के दौरान आवश्यक अभिलेखों एवं नियमों के अनुपालन में अनियमितताएं पाए जाने पर विभागीय कार्रवाई करते हुए अल्ट्रासाउंड सेंटर को सील कर दिया गया। स्वास्थ्य विभाग के इस कदम को नियमों के पालन और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े संस्थानों में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई के बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली की सराहना हो रही है और जिले के अन्य निजी स्वास्थ्य संस्थानों में भी हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।

About NW-Editor

Check Also

आवास विकास कॉलोनी में फायर सेफ्टी अभियान, आग से बचाव के बताए व्यावहारिक उपाय

-फायर सेफ्टी के प्रति जागरूक करते विशेषज्ञ। फतेहपुर। राजधानी लखनऊ में हाल ही में हुए …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *