– वायरल वीडियो पर पुलिस की कार्रवाई
– सपा नेता की लाल-नीली बत्ती लगी थार कार।
फतेहपुर। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी के बीते पच्चीस अप्रैल के जनपद दौरे के दौरान काफिले में शामिल सपा लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष मोहम्मद आजम खान की थार पर लाल-नीली बत्ती और हूटर बजाने का वीडियो इंटरनेट मीडिया में वायरल होने के बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। सोमवार को शहर कोतवाली पुलिस ने उक्त थार को सीज कर दिया। बताया जा रहा है कि पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी के एक दिवसीय दौरे पर समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में काफिले के रूप में उनके साथ शहर के विभिन्न कार्यक्रम स्थलों तक पहुंचे थे। इसी कड़ी में सपा लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष मोहम्मद आजम खान भी अपनी काले रंग की थार से काफिले में शामिल रहे। काफिले के शहर भ्रमण के दौरान उनकी थार में लाल-नीली बत्ती लगी होने के साथ हूटर बजाया जा रहा था। किसी राहगीर ने इसका वीडियो अपने मोबाइल फोन में कैद कर लिया और इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने वाहन की पहचान शुरू की। जांच में सामने आया कि थार पर समाजवादी पार्टी का झंडा और स्टीकर भी लगा था। इसके बाद सोमवार को कोतवाली पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर सीज कर दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा तेज हो गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बिना अनुमति लाल-नीली बत्ती का प्रयोग और हूटर बजाना मोटरयान अधिनियम का उल्लंघन है। यातायात नियमों के विपरीत पाए जाने वाले वाहनों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा। राजनीतिक काफिलों में नियमों की अनदेखी का यह मामला शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है। वहीं इंटरनेट मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद पुलिस की त्वरित कार्रवाई को लोग प्रशासन की सख्ती के रूप में देख रहे हैं। वहीं सीज वाहन सपा नेता के एक नजदीकी व्यक्ति के नाम दर्ज है।

News Wani