Breaking News

कताई मिल कर्मियों ने बकाया भुगतान की लगाई गुहार

– वरिष्ठ कांग्रेसी नेता के नेतृत्व में सीएम को भेजा ज्ञापन
– डीएम को ज्ञापन देने के लिए खड़े कताई मिल कर्मी।
फतेहपुर। जिले की बंद पड़ी कताई मिल के कर्मचारियों ने अपने वर्षों से लंबित बकाया भुगतान एवं अन्य वित्तीय देयों के निस्तारण की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा है। कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें अब तक पूर्ण भुगतान नहीं मिल सका है, जिससे उनका जीवन-यापन प्रभावित हो रहा है। वरिष्ठ कांग्रेसी नेता ओम प्रकाश गिहार के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में कर्मचारियों ने कहा कि 54 हजार रुपये के भुगतान संबंधी शपथपत्र का उल्लेख केवल इसी धनराशि तक सीमित रखा गया है, जबकि अन्य देनदारियों के भुगतान को लेकर कोई स्पष्ट व्यवस्था नहीं की गई है। कर्मचारियों का यह भी कहना है कि ईपीएफ की धनराशि भविष्य निधि कार्यालय में जमा न किए जाने के कारण उन्हें संबंधित कार्यालय से भी भुगतान प्राप्त नहीं हो पा रहा है। मिल कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि वर्ष 1995-96 में केवल एक बार बोनस का भुगतान किया गया था, जबकि उसके बाद के वर्षों का बोनस अभी तक नहीं दिया गया है। साथ ही शासनादेश के अनुसार 9.5 प्रतिशत ब्याज की दर से भुगतान किए जाने का प्रावधान होने के बावजूद उसे भुगतान में शामिल नहीं किया जा रहा है। कर्मचारियों ने बताया कि उन्होंने मिल में 20 से 25 वर्षों तक सेवा दी है, लेकिन वर्तमान में उन्हें मात्र 800 से 900 रुपये मासिक पेंशन मिल रही है, जो वृद्धावस्था में जीवन-यापन के लिए पर्याप्त नहीं है। उनका कहना है कि इतनी कम राशि में परिवार का भरण-पोषण करना बेहद कठिन हो गया है। ज्ञापन में मुख्यमंत्री से मांग की गई है कि श्रमिकों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए बकाया भुगतान, बोनस, ईपीएफ राशि तथा ब्याज सहित समस्त देयों का शीघ्र निस्तारण कराया जाए। कर्मचारियों ने उम्मीद जताई कि सरकार उनकी समस्याओं का समाधान कर न्याय दिलाएगी। इस मौके पर मदन कुमार, रामखेलावन, विजय, प्रेमनारायण, बद्री विशाल, राम सवारे, रमेश, रामस्वरूप आदि मौजूद रहे।

About NW-Editor

Check Also

सदाशिव इंटर कॉलेज में प्रबंध समिति का हुआ चुनाव

– डॉ. दीपक अध्यक्ष व शीला गुप्ता बनीं प्रबंधक – प्रबंध कार्यकारिणी के पदाधिकारियों का …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *