Breaking News

प्रेम विवाह के 15 दिन बाद युवक की संदिग्ध मौत, हत्या के आरोप पर अंतिम संस्कार रोका

– पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचने पर भड़के परिजन
– अंतिम संस्कार से किया इनकार, गिरफ्तारी की मांग पर घंटों हंगामा
-रोते-बिलखते मृतक के परिजन।
फतेहपुर। खागा कोतवाली क्षेत्र में प्रेम विवाह के महज 15 दिन बाद 22 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। मृतक के परिजनों ने युवक की पत्नी और ससुर पर हत्या कर शव को फंदे से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने का गंभीर आरोप लगाया है। शव पर चोट के निशान देखने के बाद परिजनों ने अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया और आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया।
जानकारी के अनुसार खागा कोतवाली क्षेत्र के अमाव गांव निवासी मोहम्मद समीर (22) पुत्र समसुल हक गुजरात में रहकर काम करता था। वहीं उसकी पहचान खागा कस्बे की रहने वाली तलाकशुदा महिला आरजू सबनम उर्फ सब्बो, जो एक बच्चे की मां बताई जा रही है, से हुई। दोनों के बीच प्रेम संबंध बने और करीब 15 दिन पहले परिवार के विरोध के बावजूद दोनों ने प्रेम विवाह (निकाह) कर लिया। इसके बाद समीर अपनी पत्नी के मायके में रह रहा था। परिजनों का आरोप है कि शनिवार को पुलिस की ओर से सूचना मिली कि समीर ने आत्महत्या कर ली है और उसका शव पोस्टमार्टम हाउस में है। सूचना मिलने पर परिवार के लोग पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे, लेकिन उन्हें शव नहीं दिखाया गया। रविवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद जब शव गांव पहुंचा तो परिजनों ने शरीर पर कई चोटों के निशान होने का दावा किया। इसके बाद उन्होंने हत्या की आशंका जताते हुए पत्नी और उसके पिता के खिलाफ कार्रवाई की मांग शुरू कर दी। मृतक के पिता, मां और अन्य परिजनों का कहना है कि समीर की हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे पर लटका दिया गया। उनका आरोप है कि जब तक आरोपित पत्नी और ससुर सगीर की गिरफ्तारी नहीं होगी, तब तक वह शव का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने परिजनों से तहरीर लेकर मामले में जांच और आवश्यक विधिक कार्रवाई का भरोसा दिया। वहीं परिजन हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, तहरीर और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के अनुरूप आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

About NW-Editor

Check Also

कुसुम्भी में अनुराग एनर्जी स्टेशन का शुभारंभ, इंडियन ऑयल की आधुनिक सुविधाएं अब क्षेत्रवासियों को

-एनर्जी स्टेशन का उद्घाटन करते क्षेत्रीय सेल्स आफिसर। फतेहपुर। जनपद के कुसुम्भी में नवनिर्मित अनुराग …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *