तमिलनाडु की राजनीति रविवार को एक नए दौर में प्रवेश कर गई, जब तमिलगा वेत्री कझगम के अध्यक्ष सी. जोसेफ विजय ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित भव्य समारोह में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। विजय के साथ नौ मंत्रियों ने भी शपथ ग्रहण किया।
विजय बने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री
करीब छह दशक बाद तमिलनाडु में ऐसा हुआ है, जब द्रविड़ मुनेत्र कड़गम और अन्नाद्रमुक के अलावा किसी अन्य दल का नेता मुख्यमंत्री बना है। विजय के शपथ लेते ही राज्य की राजनीति में एक नए अध्याय की शुरुआत मानी जा रही है।
विजय के साथ इन 9 मंत्रियों ने ली शपथ
मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के साथ जिन नौ मंत्रियों ने शपथ ली, उनके नाम इस प्रकार हैं-
१. के. ए. सेंगोट्टैयन
२. एन. आनंद
३. आधव अर्जुना
४. वेंकटरमणन
५. सीटीआर निर्मल कुमार
६. ए. राजमोहन
७. मुस्तफा
८. अरुणराज
९. आर. रमेश कुमार
शपथ ग्रहण समारोह में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी समेत कई बड़े राजनीतिक नेता मौजूद रहे। इसके अलावा फिल्म और सामाजिक जगत की कई हस्तियों ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया। स्टेडियम के बाहर सुबह से ही विजय समर्थकों की भारी भीड़ जमा रही और पूरे इलाके में जश्न का माहौल दिखाई दिया। हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में टीवीके ने २३४ सदस्यीय विधानसभा में १०८ सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनने में सफलता हासिल की थी। हालांकि पार्टी बहुमत के आंकड़े से पीछे रह गई थी।
इसके बाद कांग्रेस, भाकपा, माकपा, वीसीके और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग ने विजय को समर्थन दिया। सहयोगी दलों के समर्थन से गठबंधन का आंकड़ा १२० तक पहुंच गया और सरकार गठन का रास्ता साफ हो गया। राज्यपाल से मुलाकात के बाद विजय को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया गया और उन्हें १३ मई तक विधानसभा में विश्वास मत साबित करने का निर्देश दिया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी विजय को मुख्यमंत्री बनने पर बधाई दी। प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार तमिलनाडु सरकार के साथ मिलकर राज्य के लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए काम करती रहेगी।
कांग्रेस नेता मणिकम टैगोर ने विजय को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि तमिलनाडु अब बदलाव और नई उम्मीद की ओर देख रहा है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि फिल्मों से राजनीति में आए विजय के सामने अब जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने की बड़ी चुनौती होगी। इसके अलावा एस. कीर्तना, टीके प्रभु, के.जी. अरुण राज और आधव अर्जुन ने भी मंत्री पद की शपथ ली। नई सरकार के गठन के साथ ही अब तमिलनाडु की जनता को सामाजिक न्याय, विकास और पारदर्शी शासन से काफी उम्मीदें हैं।
News Wani
