तीन राज्यों के दौरे पर पीएम मोदी, कर्नाटक रैली में विपक्ष पर तीखा प्रहार

बेंगलुरु। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को बेंगलुरु में कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए उसे “देश की सबसे बड़ी महिला विरोधी पार्टी” करार दिया। उन्होंने महिला आरक्षण विधेयक के मुद्दे को उठाते हुए कहा कि कांग्रेस ने वर्षों तक महिलाओं को राजनीतिक प्रतिनिधित्व से वंचित रखा। बेंगलुरु के एचएएल एयरपोर्ट परिसर में भाजपा के अभिनंदन समारोह में प्रधानमंत्री ने कहा कि यदि महिला आरक्षण विधेयक पहले लागू हो गया होता तो देश में महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी और अधिक मजबूत होती। उन्होंने कहा कि कर्नाटक से भी बड़ी संख्या में महिला विधायक और सांसद सामने आ सकती थीं, लेकिन कांग्रेस ने इसे रोककर महिलाओं के साथ अन्याय किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने कर्नाटक की कांग्रेस सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस निराशा में डूबी हुई पार्टी बन चुकी है और उसके पास अब कोई स्पष्ट विचारधारा नहीं बची है। जनता की समस्याओं को सुलझाने के बजाय सरकार आंतरिक कलह में उलझी हुई है। उन्होंने कहा, “पिछले तीन वर्षों में कर्नाटक की जनता कांग्रेस की गारंटियों की वास्तविकता देख चुकी है। राज्य सरकार इस चिंता में फंसी हुई है कि मुख्यमंत्री कितने दिन पद पर बने रहेंगे और दूसरे नेताओं को मौका मिलेगा या नहीं।” प्रधानमंत्री ने इस दौरान राज्य में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर चल रही चर्चाओं पर परोक्ष टिप्पणी की।

प्रधानमंत्री ने कहा कि राजस्थान में भी कांग्रेस के भीतर इसी प्रकार की स्थिति देखने को मिली थी और अब केरल में भी पार्टी के अंदरूनी मतभेद सामने आने लगे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इस बार केरल में भाजपा ने तीन सीटें जीती हैं और आने वाले समय में वहां भी भाजपा सरकार बनाने में सफल होगी। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि असम में तीसरी बार एनडीए सरकार बनी है, जबकि पुडुचेरी में दूसरी बार एनडीए सत्ता में लौटा है। उन्होंने कहा कि गुजरात के स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा ने नया इतिहास रचा है।

उन्होंने कहा, “देश में भाजपा के राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत होने से पहले ही कर्नाटक में पार्टी एक बड़ी राजनीतिक शक्ति बन चुकी थी। आज आंध्र प्रदेश में एनडीए की सरकार है और तेलंगाना में भाजपा दूसरी सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है।” कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी का मैसूर पगड़ी और शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया गया। वहीं राज्य भाजपा नेताओं ने उन्हें 13 किलोग्राम वजन की चांदी की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया।

About NW-Editor

Check Also

रैंप से राजनीति तक का सफर, क्यों चर्चा में हैं अग्निमित्रा पॉल?

पश्चिम बंगाल चुनाव का रिजल्ट आने के बाद अग्निमित्रा पॉल काफी चर्चा में बनी हुई …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *