Breaking News

फतेहपुर के साहित्यकार की कहानी अब बड़े पर्दे पर, ‘बंटवारा 1947’ को लेकर जिले में उत्साह

फतेहपुर। हिंदी सिनेमा के लोकप्रिय अभिनेता सनी देओल एक बार फिर देशभक्ति और इतिहास से जुड़ी भावनात्मक कहानी लेकर बड़े पर्दे पर लौट रहे हैं। उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘बंटवारा 1947’ आगामी 14 अगस्त को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। जिले के लिए गौरव की बात यह है कि फतेहपुर के प्रसिद्ध साहित्यकार एवं नाटककार असगर वजाहत के चर्चित नाटक पर आधारित यह फिल्म रिलीज होने जा रही है।

यह फिल्म भारत के विभाजन 1947 की पृष्ठभूमि पर आधारित है और उस दौर के दर्द, संघर्ष, मानवता और रिश्तों की मार्मिक कहानी को प्रस्तुत करती है। फिल्म का निर्देशन प्रसिद्ध निर्देशक राजकुमार संतोषी ने किया है, जबकि इसका निर्माण आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले किया गया है।

फिल्म में सनी देओल के साथ प्रीति जिंटा, शबाना आजमी, अली फजल, करण देओल और अन्य कलाकार महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का संगीत ए.आर. रहमान ने दिया है, जिससे फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई है।

फतेहपुर के डॉ. असगर वजाहत का बेहद चर्चित नाटक ‘जिस लाहौर नहीं देख्या, ओ जम्या ही नहीं’ पर यह फिल्म आधारित है। हाल ही में जारी हुए फिल्म के ट्रेलर को दर्शकों का जबरदस्त समर्थन मिला है। ट्रेलर में विभाजन के समय बिछड़ते परिवारों, सांप्रदायिक तनाव, मानवीय संवेदनाओं और इंसानियत की मिसालों को प्रभावशाली ढंग से दिखाया गया है।

सनी देओल का दमदार अभिनय और संवाद दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बने हुए हैं। फिल्म के प्रचार के दौरान सनी देओल ने कहा कि ‘बंटवारा 1947’ राजनीति की कहानी नहीं, बल्कि उस दौर के लोगों के दर्द, प्रेम और इंसानियत की कहानी है। उन्होंने दर्शकों से अपील की कि वे किसी भी पूर्वाग्रह के बिना फिल्म देखें और इसके मानवीय संदेश को समझें।

फिल्म की रिलीज को लेकर फतेहपुर के कवियों, शायरों, साहित्यकारों और कलाकारों में भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। जिले के साहित्य एवं कला क्षेत्र से जुड़े शिवशरण सिंह चौहान ‘अंशुमाली’, जफर इकबाल ‘जफर’, कमर सिद्दीकी, शायर शिवशरण ‘बंधु’, डॉ. वारिस अंसारी, शिव सिंह ‘सागर’, डॉ. शिवम हथगामी, राजेंद्र यादव, ज्ञानेंद्र गौरव और वसीक सनम समेत कई लोगों ने फिल्म की रिलीज पर खुशी जाहिर की है।

About NW-Editor

Check Also

स्कूल भेजकर घर लौटी शिक्षिका, कुछ देर बाद उठाया खौफनाक कदम

फतेहपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के आबूनगर स्थित एक मैरिज हॉल संचालक की बहू ने फांसी …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *