ग्वालियर में मुरार क्षेत्र में रहने वाली पलक रजक की मौत ने कई बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं. मुरार थाना क्षेत्र के सुरैयापुरा निवासी पलक रजक सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय थी. लेकिन कैमरे के पीछे उसकी जिंदगी पूरी तरह बिखर चुकी थी. मौत के बाद जब पुलिस और परिवार ने उसके इंस्टाग्राम अकाउंट को खंगाला तो कई ऐसी पोस्ट और रील्स सामने आईं, जिनमें वह मानसिक तनाव, घुटन और टूटन की ओर इशारा करती नजर आई.
इंस्टाग्राम रील में खुला राज: मौत से दो दिन पहले 10 मई को पोस्ट की गई एक रील ने जांचकर्ताओं का ध्यान खींचा है. इस रील में पलक रजक ने पैनिक अटैक, एंग्जायटी, नींद ना आना, लगातार रोते रहना और दबाव जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया था. इन शब्दों को अब उसके मानसिक हालात और निजी जीवन से जोड़कर देखा जा रहा है. पुलिस ने भी इन सोशल मीडिया पोस्ट और रील्स को जांच का हिस्सा बनाया है.
परिजनों को फोन करके बताई थी दुखभरी कहानी: परिजनों के अनुसार पलक ने अंतिम दिनों में अपने पिता और भाई को फोन कर बताया था कि वह ससुराल में बेहद परेशान है और तीन दिनों से भूखी है. पलक ने 24 अप्रैल 2026 की रात 12 बजे अपनी पहली मैरिज एनिवर्सरी पर इंस्टाग्राम पर एक रील पोस्ट की थी. बैकग्राउंड में गाना चल रहा था ‘मैं यहां भी गई, मैं वहां भी गई’. इस रील पर उसने लिखा था ‘सत्यानाश होने वाले जितने रास्ते थे, मैं सबमें VIP एंट्री लेकर घुस गई’.
पिता को किया था आखिरी कॉल: 25 अप्रैल 2026 को पलक की शादी को एक साल पूरा हुआ था. आगामी 30 जून को वह 22 साल की होने वाली थी. लेकिन जन्मदिन से पहले ही उसकी जिंदगी का सफर थम गया. 12 मई की शाम मौत से करीब 20 मिनट पहले पलक ने पिता को आखिरी कॉल किया था. उसने कहा था कि पापा, ससुराल में मुझसे कोई बात नहीं करता. तीन दिन से खाना नहीं खाया. कार और सोने की चैन मांगते हैं. लगातार प्रताड़ित कर रहे हैं. मुझे ले जाओ नहीं तो ये लोग मुझे मार डालेंगे. इसके 20 मिनट बाद पति अमित का फोन आया कि पलक ने फांसी लगा ली है. जब परिवार पहुंचा तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.
ससुराल पक्ष दहेज मांगने का लगा आरोप: पलक की शादी अप्रैल 2025 में एयरफोर्स में आउटसोर्स कर्मचारी अमित रजक से हुई थी. परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से सास और देवर कार की मांग को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित कर रहे थे. पति अमित भी विरोध नहीं करता था. परिवार का दावा है कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या है. मामले की गंभीरता को देखते हुए मुरार जिला अस्पताल में डॉक्टरों के पैनल द्वारा पोस्टमार्टम कराया गया है.
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक पड़ताल में मामला हैंगिंग का प्रतीत हो रहा है. लेकिन शॉर्ट पीएम रिपोर्ट पर डॉक्टरों से सेकंड ओपिनियन लेंगे. पुलिस अब सोशल मीडिया गतिविधियों, मोबाइल कॉल रिकॉर्ड और परिवार के बयानों के आधार पर जांच कर रही है. पलक की मौत ने सोशल मीडिया की चमक-दमक के पीछे छिपे दर्द को सामने ला दिया है. पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और कॉल डिटेल का इंतजार कर रही है.
News Wani
