फतेहपुर। मलवां थाना क्षेत्र के ग्राम ठकुराइनपुर मजरे उम्मेदपुर में बुधवार सुबह टिन शेड गिरने से दो सगे भाई मलबे में दबकर घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए मलबा हटाकर दोनों भाइयों को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार ठकुराइनपुर मजरे उम्मेदपुर गांव निवासी राजबहादुर का 18 वर्षीय पुत्र सुजीत अपने आठ वर्षीय छोटे भाई सुशील के साथ घर पर अकेला था। बुधवार सुबह दोनों घर के अंदर मौजूद थे। इसी दौरान अचानक टिन शेड भरभराकर दोनों भाइयों के ऊपर गिर गया। शेड के नीचे दबने से दोनों घायल हो गए।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने काफी प्रयास के बाद मलबा हटाकर दोनों भाइयों को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां दोनों का उपचार चल रहा है।
परिजनों के मुताबिक हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग भी मौके पर पहुंचे। घटना की जानकारी घायल भाइयों के मामा विनोद ने दी। हादसे के बाद गांव में कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। ग्रामीणों ने बताया कि समय रहते दोनों को मलबे से बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
News Wani
