गोरखपुर। जिला कारागार गोरखपुर में आज 26 जनवरी 2026 को 77वाँ गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 08:30 बजे कारागार के मुख्य द्वार पर जेलर/प्रभारी अधीक्षक श्री अरुण कुमार कुशवाहा द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराकर की गई।
इस अवसर पर महानिरीक्षक कारागार द्वारा प्रदत्त प्रशस्ति-पत्र एवं गोल्ड मेडल उप कारापाल श्री विजय कुमार राय को प्रदान किया गया। वहीं प्रशस्ति-पत्र एवं सिल्वर मेडल जेलर/प्रभारी अधीक्षक श्री अरुण कुमार कुशवाहा एवं जेलर श्री नरेश कुमार द्वारा उप कारापाल श्रीमती अनिता श्रीवास्तव, श्री शेर बहादुर यादव, श्री ज्ञानप्रकाश श्रीवास्तव, श्री कृष्णानन्द राय (हेड जेल वार्डर), तथा जेल वार्डर श्री आशीष कुमार वर्मा, श्री सुनील कुमार मिश्र, श्री नवनीत कुमार राय एवं श्री मनोज कुमार सिंह को प्रदान किए गए। इसके अतिरिक्त कारागार के कुल 40 कर्मियों को उनकी कर्तव्यपरायणता के लिए प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
तत्पश्चात जेल अधिकारियों द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, अमर शहीद पं. रामप्रसाद बिस्मिल एवं पं. जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया गया। गणतंत्र दिवस के अवसर पर उस विशेष बैरक में भी कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहाँ अमर शहीद पंडित रामप्रसाद बिस्मिल अपने कारावास के दौरान निरुद्ध रहे थे। अधिकारियों ने बिस्मिल जी के चित्र पर माल्यार्पण कर उनकी शहादत और देश के प्रति उनके बलिदान को नमन किया।
इस दौरान कैदियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ दिलाई गई तथा देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया गया। समय 10:00 बजे चक्र में ध्वजारोहण किया गया, जिसमें स्वतंत्रता संग्राम में भाग लेने वाले शहीदों के परिजनों को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में चौरी-चौरा कांड के सेनानी श्री सूर्य प्रकाश पाण्डेय, डोहरिया कला आंदोलन से जुड़ी श्रीमती सुमन सिंह, 1942 आंदोलन के सेनानी श्री बसंत श्रीवास्तव, आज़ाद हिन्द फौज के वीर सैनिक श्री जय प्रकाश सिंह सहित अन्य परिजन एवं विशिष्ट सामाजिक कार्यकर्ता शामिल रहे।
77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर जिला कारागार परिसर को तिरंगे के रंगों एवं आकर्षक प्रकाश व्यवस्था से सजाया गया। मुख्य द्वार को अशोक चक्र की प्रतिकृति, गेंदे के फूलों एवं तिरंगी लाइटों से सुसज्जित किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भी समां बांध दिया, जिसमें बंदियों एवं कलाकारों ने देशभक्ति गीतों व प्रस्तुतियों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान समाज सेवा एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली विभूतियों को भी सम्मानित किया गया। सोशल बीइंग सोसाइटी एनजीओ से श्री मनोज कुमार मिश्रा, श्री अमित कुमार कनौजिया एवं श्री मानवेन्द्र, केबीजी इंडिया न्यूज़ चैनल से श्री जयचन्द्र गुप्ता एवं श्रीमती पूनम जायसवाल, रोटी स्माइल बैंक के श्री आजाद पाण्डेय, समाज सेविका श्रीमती सुधा मोदी, अपना ट्रस्ट की श्रीमती स्वच्छा श्रीवास्तव तथा लोक गायन में पहचान बनाने वाली हिना मौर्चा (कोमल) को प्रशंसा पत्र प्रदान किए गए।
इस अवसर पर कारागार में निरुद्ध बंदियों को स्वेटर एवं टी-शर्ट तथा महिला बैरक व बच्चों को फल एवं मिष्ठान वितरित किया गया। कार्यक्रम में जेलर/प्रभारी अधीक्षक श्री अरुण कुमार कुशवाहा, जेलर श्री नरेश कुमार, उप जेलर श्री विजय कुमार, उप जेलर श्रीमती अनिता श्रीवास्तव, उप जेलर श्री आदित्य कुमार सहित कारागार का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
News Wani
