Breaking News

फतेहपुर में आउटसोर्सिंग कर्मचारियों ने खोला मोर्चा, वेतन और पीएफ भुगतान समेत कई मांगें उठाईं

फतेहपुर। नगर पालिका परिषद में कार्यरत आउटसोर्सिंग एवं संविदा कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर आवाज उठाई गई। अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व सभासद धीरज कुमार के नेतृत्व में कर्मचारियों ने नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी (ईओ) को मांग पत्र सौंपकर समस्याओं के निराकरण की मांग की।

मांग पत्र में कहा गया कि आउटसोर्सिंग कर्मचारी कोरोना काल से लेकर विभिन्न त्योहारों तक विषम परिस्थितियों में पूरी ईमानदारी और मेहनत के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते आ रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें कई जरूरी सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।

कर्मचारियों ने मांग की कि प्रत्येक माह की एक से पांच तारीख के बीच वेतन का भुगतान सुनिश्चित किया जाए। सभी कर्मचारियों को वेतन पर्ची और नियुक्ति पत्र उपलब्ध कराने के साथ ही बीमा एवं ईएसआई कार्ड भी बनवाए जाएं।

कर्मचारियों ने संबंधित ठेकेदार पर पीएफ का लेखा-जोखा उपलब्ध नहीं कराने का आरोप लगाते हुए बकाया भविष्य निधि जमा कराने और उसका पूरा विवरण कर्मचारियों को देने की मांग की। इसके साथ ही संविदा कर्मचारियों के बकाया पीएफ का भुगतान कराने पर भी जोर दिया गया।

मांग पत्र में कर्मचारियों को सुरक्षा उपकरण और चिकित्सकीय सुरक्षा उपलब्ध कराने, साप्ताहिक अवकाश देने तथा शासन की ओर से निर्धारित छुट्टियों का लाभ दिलाने की मांग भी शामिल रही।

धीरज कुमार ने कहा कि कर्मचारियों को शासन की ओर से निर्धारित सुविधाएं मिलनी चाहिए, लेकिन संबंधित ठेकेदारों के स्तर पर इन सुविधाओं का लाभ नहीं मिलने की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने नगर पालिका प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए कर्मचारियों की समस्याओं का जल्द निराकरण कराने तथा उनके अधिकारों और सुविधाओं को सुनिश्चित करने की मांग की।

इस मौके पर गुड्डू पाल, राजबहादुर, गुलाब सिंह, राम, अश्वनी कुमार, सुनील कुमार, नीरज कुमार, आशीष कुमार, अशोक कुमार, गोलू, उमाकांत, अजीत कुमार, कमलेश, संतोष, सूरज, राहुल, शिवम, राम सिंह, राजेश, विमलेश सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

About NW-Editor

Check Also

पत्नी से विवाद के बाद 35 वर्षीय युवक ने उठाया आत्मघाती कदम, घर में फंदे से लटका मिला शव

फतेहपुर। थरियांव थाना क्षेत्र के सुधवां गांव में बुधवार सुबह मानसिक तनाव के चलते 35 …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *