शिमला। हिमाचल प्रदेश में शिमला शहर कच्ची घाटी क्षेत्र में स्थित हीरो होंडा के बाइक व स्कूटी शोरूम में बुधवार सुबह अचानक आग लगने से भारी नुकसान हुआ है। आग की इस घटना में कई दोपहिया वाहन जल गए। समय रहते अग्निशमन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग को फैलने से रोक दिया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस हादसे में करीब 50 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 9:31 बजे बालूगंज अग्निशमन विभाग को शोरूम में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम तुरंत मौके के लिए रवाना हुई। आग तेजी से फैल रही थी और देखते ही देखते शोरूम के भीतर खड़े कई वाहन इसकी चपेट में आ गए। इस दौरान ट्रैफिक भी प्रभावित हुआ।

शिमला शहर में बाइक शोरूम में लगी आग व उठता धुआं और सड़क पर खड़ी गाड़ियां।
32 दोपहिया सहित एक कार जली
इस हादसे में 11 स्कूटी और 15 मोटरसाइकिल पूरी तरह जल गए। इसके अलावा रिपेयर के लिए आई 3 बाइक और 3 स्कूटी भी आग की भेंट चढ़ गईं। शोरूम मालिक की कार भी आग में बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया और क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
दो घंटे की मशक्कत के बाद आग काबू
अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने करीब दो घंटे तक लगातार मशक्कत कर आग पर काबू पाया। दमकल कर्मियों ने पानी की कई बौछारें कर आग को फैलने से रोका। राहत की बात यह रही कि आग भवन की अन्य मंजिलों तक नहीं पहुंची, जिससे बड़ा हादसा टल गया। यदि आग ऊपर की मंजिलों तक फैलती तो नुकसान कई गुना अधिक हो सकता था।
5 करोड़ की संपत्ति बचाई
अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि समय रहते कार्रवाई किए जाने से करीब पांच करोड़ रुपये की संपत्ति को बचा लिया गया। आसपास के भवनों और दुकानों को भी आग से कोई नुकसान नहीं पहुंचा। घटना के दौरान क्षेत्र में काफी धुआं फैल गया था, जिसके चलते कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।
क्या रहा आग लगने का कारण
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट से आग लगने की वजह माना जा रहा है, हालांकि जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक कारण सामने आ पाएगा। स्थानीय लोगों ने अग्निशमन विभाग की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है, जिसकी वजह से बड़ा नुकसान होने से बच गया।
News Wani