Breaking News

गन्ने के खेत में दिखा 10 फीट का अजगर, बकरी को निगलने के बाद ग्रामीणों में मची दहशत

धाता, फतेहपुर। विकासखंड धाता के रसूलपुर गांव में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब गन्ने के खेत के पास निजी नलकूप के समीप करीब 10 फीट लंबा अजगर एक बकरी को निगलता दिखाई दिया। अजगर को बकरी को निगलते देख ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। काफी देर तक लोग दूरी बनाकर खड़े रहे और अजगर को काबू में करने का प्रयास करते रहे।

ग्रामीणों के मुताबिक, गांव के बाहर गन्ने के खेत के पास निजी नलकूप लगा है। इसके समीप एक बगीचे में बकरी बंधी हुई थी। इसी दौरान अजगर ने बकरी को अपनी चपेट में ले लिया और उसे निगलना शुरू कर दिया। बकरी को अजगर के कब्जे में देख ग्रामीणों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया। जब तक ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तब तक अजगर बकरी को काफी हद तक निगल चुका था। कुछ देर बाद बकरी की मौत हो गई।

विशालकाय अजगर को देखकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई। लोगों ने बच्चों और अन्य ग्रामीणों को घटनास्थल से दूर कर दिया। इसके बाद कुछ ग्रामीणों ने हिम्मत जुटाई और रस्सी की मदद से अजगर को नियंत्रित कर बांध दिया, ताकि वह किसी अन्य पशु या व्यक्ति को नुकसान न पहुंचा सके।

घटना की सूचना डायल 112 पुलिस को दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और अजगर की तस्वीर लेकर वन विभाग को सूचना दी। ग्रामीणों के अनुसार, वन विभाग को भी घटना की जानकारी दे दी गई थी।

सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सावधानीपूर्वक अजगर को अपने कब्जे में लिया। टीम अजगर को सुरक्षित स्थान पर ले गई। अजगर के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

वन विभाग के रेंजर आकाश सिंह ने बताया कि टीम मौके पर पहुंची थी और अजगर को सुरक्षित कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की गई है।

About NW-Editor

Check Also

कृषि फीडर बना परेशानी का सबब, रात में अंधेरे में रहने को मजबूर घरेलू उपभोक्ता

फतेहपुर। मोहम्मदपुर गौंती के मजरे नयापुरवा गांव के लोग तथा इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप प्रेमनगर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *