फतेहपुर। लुधियाना से खागा आ रहे एक परिवार की गर्भवती महिला को ट्रेन में अचानक तेज प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। हालत बिगड़ने पर महिला ने चलती ट्रेन में ही बच्चे को जन्म दे दिया। घटना की सूचना मिलते ही फतेहपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंची आपातकालीन एंबुलेंस के कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए जच्चा और नवजात को सुरक्षित जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल दोनों चिकित्सकों की निगरानी में हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, निशा (20) पत्नी संदीप अपने परिवार के साथ लुधियाना से खागा की यात्रा कर रही थीं। ट्रेन में उनके साथ पति संदीप, ससुर रामनारायण (50) और सास भी मौजूद थीं। यात्रा के दौरान अचानक निशा को तेज प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। कुछ ही देर में चलती ट्रेन में उन्होंने बच्चे को जन्म दे दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही फतेहपुर रेलवे स्टेशन पर आपातकालीन एंबुलेंस पहुंची। एंबुलेंस में तैनात ईएमटी दिनेश सिंह और पायलट उदय भान ने प्रसूता और नवजात को प्राथमिक उपचार एवं आवश्यक देखभाल प्रदान की। इसके बाद दोनों को सुरक्षित जिला महिला चिकित्सालय पहुंचाकर भर्ती कराया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने एंबुलेंस कर्मियों की तत्परता और मानवीय सेवा भावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि समय पर की गई कार्रवाई से प्रसूता और नवजात को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकी।
News Wani
