महोबा। आगामी नवरात्र पर्व को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी प्रभाष कुमार और पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह ने कोतवाली क्षेत्र स्थित मां बड़ी चन्द्रिका देवी मंदिर पहुंचकर मंदिर परिसर और आसपास की सुरक्षा व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने नवरात्र में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा प्रबंधों, आवागमन के रास्तों और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पर्व के दौरान पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए और मंदिर परिसर सहित आसपास के क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जाए।
डीएम और एसपी ने श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए भीड़ प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मंदिर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। यातायात का सुचारु संचालन बनाए रखने के साथ ही किसी भी आकस्मिक परिस्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं।
अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों और संबंधित कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ सतर्क रहकर ड्यूटी करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालु आसानी से दर्शन-पूजन कर सकें और नवरात्र पर्व के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे।
इस अवसर पर जिलाधिकारी प्रभाष कुमार और पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर जनपदवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और सुरक्षा की कामना की।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर रविकांत गोंड, उप जिलाधिकारी सदर शिवध्यान पांडेय, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली वीरेंद्र प्रताप सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

News Wani