महोबा। उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने संगठन मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) ने महोबा में संगठन विस्तार की रणनीति तैयार की है। पार्टी के जिला प्रभारी जाहिद अली के आगमन पर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद हुई बैठक में संगठन को गांव और बूथ स्तर तक मजबूत करने पर चर्चा की गई।
बैठक के दौरान सर्वसम्मति से तबरेज खान को युवा जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। पार्टी पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में युवाओं को संगठन से जोड़ने और बूथ स्तर पर पार्टी की गतिविधियों को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
महोबा और चरखारी सीट पर चुनाव लड़ने की तैयारी
जिला प्रभारी जाहिद अली ने कहा कि पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर महोबा और चरखारी सीटों पर तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी गठबंधन की संभावनाओं पर भी नजर बनाए हुए है। यदि गठबंधन होता है तो उसके अनुसार चुनावी रणनीति तय की जाएगी, लेकिन गठबंधन नहीं होने की स्थिति में पार्टी अपने दम पर चुनाव मैदान में उतरने के लिए तैयार है।
उन्होंने कहा कि AIMIM 2027 के विधानसभा चुनाव में मजबूती के साथ अपनी मौजूदगी दर्ज कराने की तैयारी कर रही है और संगठन को जमीनी स्तर तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
सपा पर लगाए राजनीतिक आरोप
बैठक में जिला प्रभारी ने समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा नहीं चाहती कि AIMIM उत्तर प्रदेश में चुनाव लड़े। उन्होंने पार्टी पर लगने वाले वोट कटवा के आरोपों को भी खारिज किया और कहा कि AIMIM को बेवजह बदनाम किया जाता है।
जाहिद अली ने कहा कि पार्टी अपने संगठन और जनाधार को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है और आने वाले चुनाव में कार्यकर्ताओं की भूमिका अहम होगी।
एक महीने में 100 गांवों तक संगठन पहुंचाने का लक्ष्य
बैठक में संगठन विस्तार को लेकर भी लक्ष्य तय किया गया। पार्टी ने अगले एक महीने के भीतर जिले के सभी ब्लॉकों और महोबा तथा चरखारी विधानसभा क्षेत्रों के कम से कम 100 गांवों तक संगठन का विस्तार करने की रणनीति बनाई है।
इस दौरान बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने, नए लोगों को पार्टी से जोड़ने और ग्रामीण क्षेत्रों में संगठन की पहुंच बढ़ाने पर चर्चा हुई। बैठक में जिलाध्यक्ष एडवोकेट इरफान, चरखारी विधानसभा अध्यक्ष, कबरई नगर अध्यक्ष समेत जिला पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में बुंदेलखंड उपाध्यक्ष सैयद अदनान अली, ललितपुर प्रभारी सैयद अतर और मैनपुरी प्रभारी कलाम कुरैशी ने भी संगठन को मजबूत करने को लेकर अपने विचार रखे।
News Wani
