न्यूज़ वाणी ब्यूरो
फतेहपुर। राष्ट्रीय छात्रवृत्ति योजना 2026-27 के तहत दिव्यांग छात्र-छात्राओं के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। अब पात्र विद्यार्थी 31 अक्टूबर 2026 तक छात्रवृत्ति के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग ने पात्र विद्यार्थियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन पूरा करने की अपील की है।
भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की ओर से दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए राष्ट्रीय छात्रवृत्ति योजना संचालित की जा रही है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति की आवेदन अंतिम तिथि पहले 30 सितंबर निर्धारित थी, जिसे बढ़ाकर अब 31 अक्टूबर कर दिया गया है।
प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति में ये हैं महत्वपूर्ण तारीखें
प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए आवेदन प्रक्रिया 25 जुलाई से शुरू हुई थी। विद्यार्थी अब 31 अक्टूबर तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के साथ संस्था स्तर पर सत्यापन की अंतिम तिथि 15 नवंबर निर्धारित की गई है। वहीं DNO, SNO और MNO स्तर पर सत्यापन की प्रक्रिया 30 नवंबर तक पूरी की जाएगी।
पोस्ट-मैट्रिक और टॉप क्लास योजना में भी 31 अक्टूबर तक आवेदन
पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के लिए भी आवेदन प्रक्रिया 25 जुलाई से शुरू है। पात्र विद्यार्थी इसमें 31 अक्टूबर तक आवेदन कर सकेंगे। आवेदन और संस्था स्तर पर सत्यापन की अंतिम तिथि 15 नवंबर निर्धारित की गई है।
इसी तरह टॉप क्लास छात्रवृत्ति योजना के लिए आवेदन प्रक्रिया 1 जून से चल रही है। इसमें भी विद्यार्थी 31 अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इस योजना में आवेदन और संस्था स्तर पर सत्यापन की अंतिम तिथि 15 नवंबर रखी गई है।
Fresh और Renewal दोनों श्रेणियों में कर सकते हैं आवेदन
जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी ने पात्र विद्यार्थियों से अपील की है कि वे राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल पर Fresh अथवा Renewal श्रेणी में अपना आवेदन समय से पूरा करें। आवेदन करने के बाद संबंधित शिक्षण संस्था के Institute Nodal Officer (INO) के माध्यम से आवेदन का सत्यापन भी निर्धारित समय पर कराना जरूरी है।
छात्रवृत्ति का लाभ लेने के लिए समय से करें आवेदन
दिव्यांग विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति योजना का लाभ दिलाने के लिए विद्यालयों, महाविद्यालयों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों से भी व्यापक प्रचार-प्रसार करने की अपील की गई है। पात्र विद्यार्थी राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल scholarships.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
समय सीमा समाप्त होने से पहले पात्र विद्यार्थियों को आवेदन और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है, ताकि छात्रवृत्ति का लाभ लेने में किसी तरह की परेशानी न हो।
News Wani
