Breaking News

बच्चों के लिए व्हाइट हाउस छोड़ा, अब टीवी पर लौटेंगी कैरोलिना लेविट; फॉक्स न्यूज में संभालेंगी नई जिम्मेदारी

वॉशिंगटन डीसी। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की पूर्व प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिना लेविट अब मीडिया की दुनिया में नई भूमिका निभाने जा रही हैं। व्हाइट हाउस से विदाई के बाद लेविट नवंबर से फॉक्स न्यूज के साथ जुड़ेंगी। वह नेटवर्क में ऑन-एयर कंट्रीब्यूटर के तौर पर काम करेंगी।

लेविट ने अगस्त में व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी का पद छोड़ने का फैसला किया था। उन्होंने अपने परिवार और खासतौर पर अपने दो बच्चों के साथ ज्यादा समय बिताने को इस फैसले की प्रमुख वजह बताया था। अब कुछ समय बाद वह फिर से सार्वजनिक जीवन में सक्रिय नजर आएंगी।

27 साल की उम्र में बनी थीं व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी

कैरोलिना लेविट ने महज 27 साल की उम्र में व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी बनकर इतिहास बनाया था। वह अमेरिका की सबसे कम उम्र की प्रेस सेक्रेटरी बनी थीं। इससे पहले वह 2024 के राष्ट्रपति चुनाव के दौरान ट्रम्प के अभियान की प्रेस सेक्रेटरी के तौर पर काम कर चुकी थीं।

लेविट ने 12 अगस्त को अपने पद से हटने का ऐलान किया था। उस समय ट्रम्प ने उन्हें अपने भरोसेमंद सहयोगियों में शामिल बताया था। ट्रम्प ने उनके इस्तीफे पर मजाकिया अंदाज में कहा था कि लेविट को उनसे ज्यादा अपने बच्चों से प्यार है।

दूसरे बच्चे के जन्म के बाद लिया था ब्रेक

लेविट ने 1 मई 2026 को अपने दूसरे बच्चे को जन्म दिया था। इसके बाद वह मातृत्व अवकाश पर चली गई थीं और 16 जुलाई को प्रेस ब्रीफिंग में वापस लौटी थीं। उनका एक दो साल का बेटा भी है।

परिवार को ज्यादा समय देने के लिए व्हाइट हाउस छोड़ने के बाद अब वह फॉक्स न्यूज के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर नजर आएंगी।

नवंबर से फॉक्स न्यूज पर नई भूमिका

फॉक्स न्यूज के मुताबिक, लेविट 1 नवंबर से नेटवर्क के साथ काम शुरू करेंगी। वह ऑन-एयर कंट्रीब्यूटर के तौर पर राजनीति और मौजूदा घटनाक्रम से जुड़े मुद्दों पर अपनी राय और अनुभव साझा करेंगी।

नेटवर्क की CEO सुजैन स्कॉट ने कहा कि व्हाइट हाउस और राष्ट्रपति चुनाव अभियान में लेविट के सीधे अनुभव से उन्हें अमेरिकी राजनीति को समझने में मदद मिलेगी।

लेविट ने भी नई भूमिका को लेकर उत्साह जताया है। उनका कहना है कि व्हाइट हाउस में काम करने के दौरान मिले अनुभव और दृष्टिकोण को वह नेटवर्क के दर्शकों तक पहुंचाना चाहती हैं।

ट्रम्प प्रशासन से फॉक्स न्यूज का पुराना कनेक्शन

लेविट ट्रम्प प्रशासन से फॉक्स न्यूज में जाने वाली पहली पूर्व प्रेस सेक्रेटरी नहीं हैं। ट्रम्प की पूर्व प्रेस सेक्रेटरी कायले मैकएनैनी भी 2021 में फॉक्स न्यूज से जुड़ी थीं और अभी नेटवर्क के साथ काम कर रही हैं।

पूर्व राष्ट्रपति जॉर्ज डब्ल्यू बुश की प्रेस सेक्रेटरी रह चुकीं डाना पेरिनो भी फॉक्स न्यूज में राजनीतिक कमेंटेटर के तौर पर काम करती हैं।

ट्रम्प प्रशासन में भी फॉक्स न्यूज से जुड़े कई चेहरों को अहम जिम्मेदारियां मिली हैं।

ट्रम्प और फॉक्स न्यूज के बीच बढ़ी तल्खी

हालांकि ट्रम्प और फॉक्स न्यूज के रिश्ते हमेशा एक जैसे नहीं रहे हैं। हाल के दिनों में ट्रम्प ने चैनल की कवरेज को लेकर सार्वजनिक रूप से नाराजगी जताई है।

ट्रम्प ने आरोप लगाया था कि ओहायो में उनकी बड़ी रैली को नेटवर्क ने पर्याप्त कवरेज नहीं दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर फॉक्स न्यूज की कवरेज की आलोचना करते हुए चेतावनी भी दी।

ट्रम्प का अमेरिकी मीडिया संस्थानों के साथ टकराव भी बढ़ा है। हाल में उन्होंने कुछ मीडिया संगठनों की व्हाइट हाउस में पहुंच को लेकर कदम उठाए थे। हालांकि, एक संघीय जज ने 24 सितंबर को उनके एक आदेश पर अस्थायी रोक लगा दी थी।

About NW-Editor

Check Also

अफगानिस्तान ने चीन की सीमा तक खोला नया रास्ता, वाखान कॉरिडोर में 121 किमी सड़क तैयार

काबुल/नई दिल्ली। अफगानिस्तान ने चीन से जुड़ने वाले वाखान कॉरिडोर में 121 किलोमीटर लंबी सड़क …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *