महोबा। शहर के आल्हा चौक स्थित अम्बेडकर पार्क में बुधवार को विकसित भारत संकल्प सभा के तहत सेवा ज्योति कलश यात्रा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्टी कार्यकर्ता और आम नागरिक शामिल हुए। उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का सजीव प्रसारण सुना।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि देश को विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे ले जाने के लिए केंद्र सरकार लगातार प्रयास कर रही है। सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सुविधाओं और योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
सभा में वक्ताओं ने लोगों से सरकार की योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने और विकसित भारत के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
सेवा ज्योति कलश यात्रा और संकल्प सभा में लोगों में उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने एकजुट होकर राष्ट्रहित एवं जनहित में निरंतर कार्य करने तथा विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
News Wani
