Breaking News

सर्वोदय इंटर कॉलेज में छात्रों का ‘अल्फा आंदोलन’, प्रशासन हरकत में

-बिजली, पेयजल और फर्नीचर समेत मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर छात्रों का आंदोलन, प्रशासन ने अधिकांश मांगों पर शुरू कराया काम

फतेहपुर। किशुनपुर स्थित सर्वोदय इंटर कॉलेज में छात्रों द्वारा बिजली, पेयजल, पंखे, फर्नीचर और अन्य मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर किए गए प्रदर्शन के मामले में प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आंदोलन का नेतृत्व करने वाले कुछ छात्र हाल ही में दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए छात्र प्रदर्शन में शामिल होकर लौटे थे, जिसके बाद उन्होंने अपने विद्यालय की समस्याओं को लेकर आंदोलन की रणनीति बनाई।

बताया जा रहा है कि छात्रों ने आपसी सहयोग से पोस्टर और बैनर तैयार कर प्रदर्शन किया। आंदोलन के बाद प्रशासन सक्रिय हुआ और विद्यालय में पेयजल, पंखे, साफ-सफाई तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं में सुधार का कार्य शुरू कराया गया। जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) और प्रशासनिक अधिकारियों ने विद्यालय का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।

प्रशासन ने यह भी जांच शुरू की है कि आंदोलन में किसी बाहरी व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और अन्य सामग्री की भी जांच की जा रही है।

विद्यालय प्रबंधन ने छात्रों की मांगों को उचित बताते हुए कहा कि शुद्ध पेयजल, प्रत्येक कक्षा में पर्याप्त पंखों की व्यवस्था, स्वच्छ शौचालय, खेल मैदान और भवन मरम्मत सहित अन्य कार्य तेजी से कराए जा रहे हैं।

जिलाधिकारी ने विद्यालय में मूलभूत सुविधाओं की कमी पर नाराजगी जताते हुए प्रबंधन से जवाब तलब किया है। साथ ही सभी विद्यालयों को आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

उधर, कांग्रेस नेताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि यदि किसी छात्र का उत्पीड़न हुआ तो इसका विरोध किया जाएगा। उनका कहना है कि छात्रों ने अपनी समस्याएं लोकतांत्रिक तरीके से उठाई हैं, इसलिए उनकी बात गंभीरता से सुनी जानी चाहिए।

वहीं प्रदर्शन के बाद एक हाईस्कूल छात्रा के लापता होने की सूचना पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है।

About NW-Editor

Check Also

सर्वोदय इंटर कॉलेज में छात्रों की जीत: आंदोलन के आगे झुका प्रशासन, सभी मांगें हुईं मंजूर

– बिजली, पानी, पंखे व डेस्क-बेंच की मांग को लेकर छात्रों ने खोला था मोर्चा …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *