फतेहपुर। दशहरा पर्व के अवसर पर किसानों को कृषि यंत्रों पर अनुदान पाने का एक और मौका दिया गया है। कृषि विभाग ने विभिन्न योजनाओं के तहत कृषि यंत्रों एवं कृषि रक्षा उपकरणों की बुकिंग के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। किसान 20 अक्टूबर की रात 12 बजे तक विभागीय पोर्टल पर आवेदन कर सकेंगे।
कृषि विभाग के अनुसार, नेशनल मिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन (NMAM), सब मिशन ऑन एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन (SMAM) तथा फसल अवशेष प्रबंधन योजना के तहत किसानों को कृषि यंत्रों पर अनुदान दिया जाएगा। इसके लिए बुकिंग प्रक्रिया 7 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे से शुरू हो चुकी है।
योजना के तहत कस्टम हायरिंग सेंटर और फार्म मशीनरी बैंक के लिए 10-10 लाख रुपये तक की परियोजना लागत वाले कृषि यंत्रों का लाभ किसानों को दिया जाएगा। इसके अलावा किसान ड्रोन और अन्य कृषि यंत्रों के लिए भी आवेदन कर सकेंगे।
फसल अवशेष प्रबंधन योजना के तहत व्यक्तिगत कृषि यंत्रों के साथ-साथ 30 लाख रुपये तक की परियोजना लागत वाले कस्टम हायरिंग सेंटर के लिए भी आवेदन किया जा सकेगा।
इसके अलावा त्वरित मक्का विकास कार्यक्रम में मेज सेलर, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन के तहत मिलेट प्लांटर, कृषि रक्षा योजना के अंतर्गत कीट-रोग नियंत्रण उपकरण तथा फसल विविधीकरण कार्यक्रम के कृषि यंत्रों को भी अनुदान के दायरे में शामिल किया गया है।
किसान कृषि यंत्रों की बुकिंग के लिए कृषि विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। पोर्टल के किसान कॉर्नर में जाकर ‘यंत्र बुकिंग प्रारंभ’ विकल्प पर क्लिक कर आवेदन किया जा सकता है। कृषि यंत्रों का विवरण, बुकिंग प्रक्रिया और अनुदान से संबंधित पूरी जानकारी भी पोर्टल पर उपलब्ध है।
अधिक जानकारी के लिए किसान अपने जनपद के उप कृषि निदेशक कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
News Wani
