फतेहपुर। नवरात्रि पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने गुरुवार को जिले के विभिन्न बाजारों में खाद्य पदार्थों की जांच के लिए सघन अभियान चलाया। टीम ने पांच प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर घी, किशमिश, कुट्टू और सिंघाड़े के आटे समेत पांच खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
जिलाधिकारी के आदेश एवं सहायक आयुक्त (खाद्य)-द्वितीय वीरेंद्र सिंह कुशवाहा के निर्देशन में चलाए गए अभियान के दौरान बिंदकी स्थित मुरारी लाल ट्रेडर्स के प्रतिष्ठान से घी का नमूना लिया गया। जहानाबाद स्थित सीताराम किराना से किशमिश और बिंदकी स्थित राज मिल्क प्रोडक्ट से घी का नमूना लिया गया।
इसके अलावा रिलायंस स्मार्ट से कुट्टू के आटे तथा बिलियाकिट प्राइवेट लिमिटेड से सिंघाड़े के आटे का नमूना संग्रहित किया गया। अभियान के दौरान खाद्य विभाग की टीम ने दुकानदारों और ग्राहकों को मिलावटी एवं खुले खाद्य पदार्थों से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक किया।
टीम को बाजार में खुले अथवा लूज कुट्टू के आटे की बिक्री होती नहीं मिली। इसके बावजूद अधिकारियों ने नवरात्रि के दौरान खुले कुट्टू के आटे की खरीद-बिक्री और सेवन से बचने की सलाह दी। विभाग ने खाद्य कारोबारियों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
अभियान में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार दीक्षित, खाद्य सुरक्षा अधिकारी धीरज कुमार दीक्षित, देवेश मिश्रा, सिद्धार्थ कुमार एवं दिनेश चंद्र शामिल रहे।
News Wani
