Breaking News

घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी, पानीपत में आम आदमी परेशान

पानीपत। कमर्शियल सिलिंडर महंगा होने से अब घरेलू सिलिंडरों का बड़े स्तर पर व्यावसायिक उपयोग हो रहा है। शहर में कई होटल, ढाबा और फास्ट फूड दुकानों पर घरेलू गैस सिलिंडरों का प्रयोग कर रहे हैं। इसके चलते गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं को सिलिंडर उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं। कई जगह स्टाक खत्म होने की बात कहकर लोगों को वापस लौटाया जा रहा है।

जिले में 32 गैस एजेंसियों पर रोजाना लगभग छह 6 हजार घरेलू गैस सिलिंडरों की खपत हो रही है। इनमें बड़ी संख्या में व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में इनका प्रयोग किया जा रहा है। होटल और ढाबों में केवल कमर्शियल सिलिंडरों का उपयाेग होना चाहिए, लेकिन अधिक कीमत होने के कारण कई संचालक घरेलू सिलिंडर ब्लैक में खरीद रहे हैं।

News Article Hero Image

होटल-ढाबों में खप रहे घरेलू सिलेंडर

एजेंसी पर 19 किलोग्राम का कर्मशियल सिलिंडर 3100 रुपये का है, जबकि घरेलू सिलिंडर 920 रुपये का मिल रहा है। घरेलू और कमर्शियल सिलिंडर के दामों में बड़ा अंतर होने से यह खेल लगातार बढ़ता जा रहा है। कमर्शियल सिलिंडर घरेलू सिलिंडर की तुलना में काफी महंगा पड़ता है। सनौली रोड फास्ट फूड दुकान संचालक सुदेश सिंह ने बताया कि वह सिलिंडर घरेलू सिलिंडर ब्लैक में 1950 रुपये का लेकर आए है, कर्मशियल महंगा हाेने से इसको ही खरीद रहे है। साई चौक के पास होटल संचालक ने बताया कि वह घरेलू सिलिंडर ही खरीद रहा है, यह आसानी से मिल जाता है। दो सिलिंडर ब्लैक में 3700 रुपये के मिले है। होटल चलाना है तो लेना मजबूरी है।

बुकिंग के बाद भी नहीं मिल रहे सिलिंडर

शहर के न्यू रमेश नगर कालोनी के आशीष ने बताया कि उन्होंने विकास नगर गैस एजेंसी पर सिलिंडर की बुकिंग कराई है, सिलिंडर घर नहीं आया तो एजेंसी पर जाकर पता चला कि स्टाक नहीं है। ऐसे में तीन दिन से सिलिंडर के लिए परेशान है। रिसालू रोड पर दुकान संचालक ने बताया कि उसने सनौली रोड गैस एजेंसी पर बुकिंग करा रखी है, शुक्रवार को सिलिंडर आना था लेकिन आया है।

एजेंसी पर जाकर भी सिलिंडर नहीं मिल रहा है। कई उपभोक्ताओं का कहना है कि बुकिंग कराने के बाद भी उन्हें कई दिनों तक सिलिंडर नहीं मिल रहा। एजेंसी पर पहुंचने पर स्टाक खत्म होने की बात कह दी जाती है। वहीं दूसरी ओर शहर के कई ढाबों और छोटे होटलों में खुलेआम घरेलू सिलिंडर इस्तेमाल होते दिखाई दे रहे हैं। सप्लाई इस्पेक्टर आपूर्ति विभाग  मोहित दहिया ने कहा कि होटल, ढाबा और दुकानों पर घरेलू सिलिंडरों का उपयोग नहीं होने दिया जाएगा। टीम अलग-अलग स्थानों पर निरीक्षण कर कार्रवाई कर रही है। अभियान भी जल्द चलाया जाएगा।

About NW-Editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *